मानव सुथार से लेकर शुभमन गिल तक... अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया ने तोड़े कई रिकॉर्ड, देखें लिस्ट

IND vs AFG: भारत ने महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रन से हराकर इतिहास रच दिया. यह टेस्ट क्रिकेट में पारी और रन के अंतर से टीम इंडिया की अब तक की सबसे बड़ी जीत है.

ind vs afg test Manav Suthar Shubman Gill Team India broke many records against Afghanistan
Image Source: Social Media

IND vs AFG: भारत ने महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रन से हराकर इतिहास रच दिया. यह टेस्ट क्रिकेट में पारी और रन के अंतर से टीम इंडिया की अब तक की सबसे बड़ी जीत है. मैच में भारत का दबदबा शुरू से आखिर तक कायम रहा और अफगानिस्तान दोनों पारियों में भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका.

अफगानिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत

पहली पारी में अफगानिस्तान की टीम महज 152 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में भारत ने विशाल स्कोर खड़ा कर मेहमान टीम पर दबाव बना दिया. पहली पारी में भारी बढ़त मिलने के बाद अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा. हालांकि दूसरी पारी में भी उसकी बल्लेबाजी नहीं संभल सकी और पूरी टीम 112 रन पर ऑलआउट हो गई. नतीजतन भारत ने मुकाबला एक पारी और 300 रन से अपने नाम कर लिया.

टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी जीत

यह जीत पारी और रन के अंतर से भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत बन गई है. इससे पहले टीम इंडिया ने 2018 में राजकोट टेस्ट में वेस्टइंडीज को एक पारी और 272 रन से हराया था.

पारी और रन के अंतर से भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीतें

  • एक पारी और 300 रन बनाम अफगानिस्तान (चंडीगढ़, 2026)
  • एक पारी और 272 रन बनाम वेस्टइंडीज (राजकोट, 2018)
  • एक पारी और 262 रन बनाम अफगानिस्तान (बेंगलुरु, 2018)
  • एक पारी और 239 रन बनाम बांग्लादेश (मीरपुर, 2007)
  • एक पारी और 239 रन बनाम श्रीलंका (नागपुर, 2017)
  • एक पारी और 222 रन बनाम श्रीलंका (मोहाली, 2022)
  • एक पारी और 219 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया (ईडन गार्डन्स, 1998)

डेब्यू मैच में मानव सुथार का धमाका

इस मुकाबले में डेब्यू कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट हासिल किए. पहली पारी में सुथार ने 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि दूसरी पारी में एक और विकेट अपने नाम किया.

उनका यह प्रदर्शन कई मायनों में खास रहा. पिछले 35 वर्षों में टेस्ट डेब्यू पर 6 विकेट लेने वाले वह केवल दूसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि रविचंद्रन अश्विन ने हासिल की थी.

मानव सुथार के नाम दर्ज हुए बड़े रिकॉर्ड

  • टेस्ट डेब्यू मैच में 5 विकेट लेने वाले भारत के 10वें गेंदबाज बने.
  • पिछले 35 वर्षों में डेब्यू टेस्ट में 6 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने.
  • भारत के लिए पहली टेस्ट पारी में दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया.

भारत के लिए पहली टेस्ट पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े

  • 8/61 – नरेंद्र हिरवानी बनाम वेस्टइंडीज, चेन्नई (1988)
  • 6/33 – मानव सुथार vs अफगानिस्तान, मुल्लांपुर (2026)
  • 6/55 – आबिद अली vs ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड (1967)
  • 6/103 – दिलीप दोशी vs ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई (1979)

कप्तान शुभमन गिल ने भी रचा इतिहास

भारतीय कप्तान शुभमन गिल के लिए भी यह मुकाबला यादगार साबित हुआ. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के तौर पर अपने 1,000 रन पूरे कर लिए. इसके साथ ही उनके नाम बतौर कप्तान अब 6 टेस्ट शतक दर्ज हो चुके हैं.

गिल ने कप्तान के रूप में अब तक 9 टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 82.76 से अधिक की औसत से 1,076 रन बनाए हैं. कम से कम 1,000 रन बनाने वाले भारतीय कप्तानों में उनका औसत सबसे बेहतर है. इस सूची में उनसे आगे केवल महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन हैं. वहीं यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक भी रहा.

कई रिकॉर्ड्स के साथ खत्म हुआ मुकाबला

अफगानिस्तान के खिलाफ यह टेस्ट मैच टीम इंडिया के लिए रिकॉर्ड्स से भरा रहा. एक तरफ भारत ने अपनी सबसे बड़ी टेस्ट जीत दर्ज की, तो दूसरी ओर डेब्यू करने वाले मानव सुथार ने ऐतिहासिक गेंदबाजी की. वहीं कप्तान शुभमन गिल ने भी अपनी शानदार बल्लेबाजी से नए कीर्तिमान स्थापित किए. ऐसे में यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट इतिहास के यादगार टेस्ट मैचों में शामिल हो गया.

ये भी पढ़ें- 'गवर्नर' की रिलीज के साथ मेकर्स का बड़ा फैसला, दर्शकों को मिलेगा 1990 के दशक की टिकट कीमतों पर एंटरटेनमेंट!