भारतीय बाजार में 7-सीटर एसयूवी की मांग लगातार बढ़ रही है. इस सेगमेंट में महिंद्रा, टाटा और टोयोटा जैसी कंपनियों के बीच मुकाबला देखने को मिलता है. अब हुंडई भी इस रेस में अपनी नई 7-सीटर एसयूवी के साथ उतरने की तैयारी कर रही है. खास बात यह है कि कंपनी की यह अपकमिंग कार हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आ सकती है. हाल ही में इसे दक्षिण कोरिया में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है. माना जा रहा है कि भारत में लॉन्च होने पर इसका मुकाबला महिंद्रा XUV 7XO जैसी एसयूवी से हो सकता है.
हुंडई की नई 7-सीटर SUV हुई स्पॉट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुंडई की इस अपकमिंग एसयूवी का कोडनेम Ni1i बताया जा रहा है. हाल ही में इसकी तस्वीरें दक्षिण कोरिया से सामने आई हैं. टेस्टिंग के दौरान यह कार पूरी तरह कैमोफ्लॉज से ढकी हुई थी. इसके टायरों पर भारतीय ब्रांड JK Tyre का नाम दिखाई दिया है. इसी वजह से इसके भारतीय बाजार में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
हालांकि, भारतीय टायरों का इस्तेमाल होना इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता कि कंपनी इसे भारत में लॉन्च करेगी. इससे पहले भी हुंडई की एक नई थ्री-रो एसयूवी को लेकर रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं. माना जा रहा है कि कंपनी इसे अल्कजार से ऊपर के सेगमेंट में पेश कर सकती है.
हाइब्रिड इंजन के साथ आ सकती है SUV
स्पाई शॉट्स में टेस्टिंग के दौरान कार पर HEV लिखा नजर आया है. इससे संकेत मिलता है कि यह हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल हो सकती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें पेट्रोल-हाइब्रिड पावरट्रेन दिया जा सकता है. इसमें हुंडई का 1.6 लीटर पेट्रोल-हाइब्रिड इंजन मिलने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके इंजन, बैटरी और पावर आउटपुट से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. इसके अलावा कार के माइलेज और अन्य फीचर्स को लेकर भी फिलहाल तस्वीर साफ नहीं है.
बॉक्सी डिजाइन में मिलेगी नई SUV
टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से कार के बॉक्सी डिजाइन की झलक मिलती है. इसमें लंबी बॉडी, फ्लैट रूफलाइन और सीधे डिजाइन वाले साइड प्रोफाइल की संभावना है. पीछे की तरफ वर्टिकल टेलगेट दिया जा सकता है, जो इसके थ्री-रो लेआउट की ओर इशारा करता है. इसके अलावा एसयूवी में स्क्वायर्ड व्हील आर्च, मोटी बॉडी क्लैडिंग, बड़े रेक्टेंगुलर आउटसाइड मिरर और एंगुलर अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं. इसका डिजाइन इसे एक बड़ी और दमदार एसयूवी का लुक दे सकता है.
महिंद्रा XUV 7XO से होगा मुकाबला?
अगर हुंडई अपनी इस 7-सीटर हाइब्रिड एसयूवी को भारतीय बाजार में लॉन्च करती है, तो इसका मुकाबला महिंद्रा XUV 7XO जैसी कारों से हो सकता है. कंपनी इसे हुंडई अल्कजार से ऊपर पोजिशन कर सकती है. हालांकि, अभी तक इसके नाम, कीमत, फीचर्स और लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल यह एसयूवी टेस्टिंग के दौर में है. ऐसे में भारतीय बाजार में इसकी एंट्री कब होगी, यह देखना दिलचस्प होगा.
यह भी पढ़ें: Motorola का नया स्मार्टफोन मचाएगा धूम! 50MP Sony कैमरा और 7000mAh बैटरी समेत मिलेंगे ये धांसू फीचर्स