हंगरी में दर्दनाक सड़क हादसा, पोलैंड से घूमने पहुंचे पर्यटकों से भरी बस खाई में पलटी, 12 की मौत

यूरोपीय देश हंगरी में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. पोलैंड से पर्यटकों को लेकर जा रही एक बस हाईवे से उतरकर खाई में जा गिरी और पलट गई.

Hungary Bus carrying tourists from Poland overturns into a ravine 12 dead
Image Source: Social Media

बुडापेस्ट: यूरोपीय देश हंगरी में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. पोलैंड से पर्यटकों को लेकर जा रही एक बस हाईवे से उतरकर खाई में जा गिरी और पलट गई. इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

हादसा राजधानी बुडापेस्ट से करीब 140 किलोमीटर पूर्व मेजोकेरेजटेस शहर के पास हुआ. पुलिस के मुताबिक, बस देर रात करीब एक बजे एम3 मोटरवे से नाइरेजेहाजा की ओर जा रही थी. इसी दौरान वह सड़क से बाहर निकल गई और खाई में जाकर पलट गई.

बस में 59 लोग सवार थे

हंगरी की समाचार एजेंसी एमटीआई के अनुसार, बस में कुल 57 यात्री और दो चालक मौजूद थे. बस पोलैंड में पंजीकृत थी और इसमें पर्यटक सवार थे.

हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा. घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

चालक को नींद आने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा चालक को नींद आने की वजह से हो सकता है. हालांकि, दुर्घटना की पूरी वजह जानने के लिए जांच जारी है.

पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और हादसे से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

पोलैंड के नेताओं ने जताया दुख

हादसे की खबर सामने आने के बाद पोलैंड में भी शोक की लहर है. पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

पोलैंड के विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की ने भी हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि पोलिश पर्यटकों को ले जा रही बस दुर्घटना का शिकार हुई है और पोलैंड के अधिकारी हंगरी के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं.

हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत-बचाव में जुटे दलों का आभार जताया.

ये भी पढ़ें- परमाणु धमकी के बावजूद भी नहीं रुका भारत, ब्रह्मोस से कई ठिकानों को किया तबाह, पाकिस्तान की खुली पोल?