Burning and Tingling Sensation in Feet: पैरों में जलन या झुनझुनी होना अक्सर लोग छोटी समस्या मान लेते हैं. कई बार इसे थकान, कमजोरी या ज्यादा चलने-फिरने का असर समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है. लेकिन यह हमेशा साधारण कारणों से नहीं होता. कई मामलों में यह शरीर के अंदर चल रही किसी बड़ी समस्या का संकेत भी हो सकता है. इसलिए अगर यह परेशानी बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
इस तरह की परेशानी का एक बड़ा कारण Peripheral Neuropathy हो सकता है. यह नसों से जुड़ी समस्या होती है, जिसमें पैरों में जलन, सुन्नपन और झुनझुनी महसूस होती है. यह समस्या खासकर Diabetes के मरीजों में ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि लंबे समय तक शुगर बढ़ी रहने से नसों को नुकसान पहुंचता है.
रीढ़ की नस दबने से भी हो सकता है दर्द
एक और कारण Sciatica हो सकता है. इसमें रीढ़ की हड्डी से निकलने वाली नस पर दबाव पड़ता है, जिससे दर्द और झुनझुनी पैरों तक पहुंच जाती है. लंबे समय तक बैठकर काम करना, गलत तरीके से बैठना या भारी वजन उठाना इस समस्या को और बढ़ा सकता है.
रात में बेचैनी बढ़ाने वाली समस्या
कई लोगों को आराम करते समय या सोते वक्त पैरों में अजीब सी हरकत और जलन महसूस होती है. इसे Restless Legs Syndrome कहा जाता है. इस स्थिति में बार-बार पैर हिलाने का मन करता है और नींद भी ठीक से नहीं आती. यह समस्या अक्सर रात में ज्यादा परेशान करती है.
विटामिन की कमी भी बन सकती है वजह
शरीर में पोषण की कमी भी इस परेशानी का कारण बन सकती है. खासकर विटामिन B12 की कमी से नसें कमजोर हो जाती हैं, जिससे हाथ-पैरों में जलन और झुनझुनी होने लगती है. गलत खानपान, जंक फूड का ज्यादा सेवन और संतुलित आहार की कमी से यह समस्या बढ़ सकती है.
किडनी और थायरॉयड से भी जुड़ा हो सकता है मामला
अगर किसी को किडनी या थायरॉयड से जुड़ी समस्या है, तो भी ऐसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. शरीर में जमा टॉक्सिन्स नसों पर असर डालते हैं, जिससे यह परेशानी बढ़ जाती है.
बचाव के लिए जरूरी है सही जीवनशैली
इस समस्या से बचने के लिए अपनी दिनचर्या को बेहतर बनाना बहुत जरूरी है. रोजाना हल्का व्यायाम करें, संतुलित और पौष्टिक आहार लें और पर्याप्त पानी पिएं. लंबे समय तक एक ही जगह बैठने से बचें और बीच-बीच में शरीर को स्ट्रेच करते रहें.
अगर पैरों में जलन और झुनझुनी लगातार बनी रहे या दर्द बढ़ जाए, तो बिना देरी किए डॉक्टर या न्यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करें. सही समय पर इलाज से इस समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है.
ये भी पढ़ें- PM Modi Road Show in Kerala: केरल में PM मोदी का रोड शो, भीड़ देखकर उड़ गए सबके होश!