अफ्रीका में इस नई महामारी ने मचाया कोहराम, WHO ने दुनिया को किया सतर्क; जानें कितना खतरनाक है यह वायरस

Ebola Virus: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) और युगांडा में तेजी से फैल रहे ईबोला वायरस को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित किया है. यह संक्रमण ईबोला वायरस के बुंडीबुग्यो स्ट्रेन की वजह से फैल रहा है, जिसे खतरनाक माना जाता है.

health update Ebola virus epidemic creates havoc in Africa WHO alerts the world
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Ebola Virus: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) और युगांडा में तेजी से फैल रहे ईबोला वायरस को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित किया है. यह संक्रमण ईबोला वायरस के बुंडीबुग्यो स्ट्रेन की वजह से फैल रहा है, जिसे खतरनाक माना जाता है.

पहले से अलग है यह स्ट्रेन

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह स्ट्रेन पहले फैल चुके ज़ैरे स्ट्रेन से अलग है. बुंडीबुग्यो स्ट्रेन पहली बार साल 2007-2008 में युगांडा के बुंडीबुग्यो जिले में सामने आया था. उस समय 100 से ज्यादा लोग संक्रमित हुए थे और बड़ी संख्या में मरीजों की मौत हुई थी.

अब कांगो के इटुरी प्रांत में एक बार फिर ईबोला का प्रकोप सामने आया है. इस बार चिंता इसलिए ज्यादा है क्योंकि इस स्ट्रेन के लिए अभी तक कोई खास वैक्सीन या दवा उपलब्ध नहीं है.

ईबोला के कई स्ट्रेन, लेकिन खतरा एक जैसा

ज़ैरे स्ट्रेन को सबसे ज्यादा खतरनाक माना जाता है, जिसमें मौत का खतरा काफी ज्यादा रहता है. वहीं बुंडीबुग्यो स्ट्रेन को थोड़ा कम घातक माना जाता है, लेकिन इसमें भी कई मरीजों की जान जा सकती है. डॉक्टरों के मुताबिक मरीज की उम्र, स्वास्थ्य स्थिति और समय पर इलाज मिलने पर बीमारी का असर अलग-अलग हो सकता है.

जंगलों से फैलता है वायरस

रिपोर्ट के अनुसार, कांगो के घने जंगलों में यह वायरस प्राकृतिक रूप से मौजूद रहता है. वैज्ञानिकों का मानना है कि चमगादड़ जैसे जंगली जानवर इस वायरस के मुख्य स्रोत हो सकते हैं. यह वायरस इंसानों में तेजी से फैल सकता है और समय पर इलाज न मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है.

फ्लू जैसे दिखते हैं शुरुआती लक्षण

ईबोला के शुरुआती लक्षण सामान्य फ्लू जैसे होते हैं. मरीज को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द, कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है. कुछ दिनों बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द और गले में खराश जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं. 

बीमारी गंभीर होने पर आंखों, मसूड़ों और शरीर के दूसरे हिस्सों से खून बहने लगता है. कई मामलों में मरीज को सांस लेने में परेशानी भी होने लगती है और शरीर के अंग काम करना बंद कर सकते हैं.

2 से 21 दिनों में दिख सकते हैं लक्षण

विशेषज्ञों के अनुसार, संक्रमण के लक्षण 2 से 21 दिनों के भीतर सामने आ सकते हैं. इसलिए संक्रमित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- सिंधु जल संधि पर भारत का लहजा सख्त, इंटरनेशनल कोर्ट के फैसले को किया खारिज; पाक को दी चेतावनी