भारतीय टीम में हार्दिक पंड्या की वापसी का इंतजार किया जा रहा है. 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए यह ऑलराउंडर टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है. हालांकि, कप्तान शुभमन गिल के ताजा बयान से साफ संकेत मिले हैं कि हार्दिक को टीम इंडिया में लौटने से पहले घरेलू क्रिकेट में अपनी फिटनेस साबित करनी पड़ सकती है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 अक्टूबर को होने वाले पहले वनडे से पहले शुभमन गिल ने हार्दिक की वापसी पर बात की. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को इस ऑलराउंडर की कमी महसूस हो रही है और उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान पर लौटेंगे.
गिल ने कहा, "उम्मीद है कि हार्दिक जल्द वापसी करेंगे. वह कुछ घरेलू मैच खेलेंगे और हमें उम्मीद है कि इसके बाद भारतीय टीम में लौट आएंगे. वह शानदार ऑलराउंडर हैं. दुनिया में बहुत कम खिलाड़ी हैं, जिनके पास उनके जैसी काबिलियत है. वह नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी कर सकते हैं. हमारी उनसे कई बार बात हुई है. चोटों के मामले में वह काफी बदकिस्मत रहे हैं. IPL के बाद से उन्होंने क्रिकेट नहीं खेला है."
घरेलू क्रिकेट में फिटनेस साबित करनी पड़ सकती है
गिल के बयान से संकेत मिलता है कि हार्दिक को टीम इंडिया में वापसी से पहले घरेलू क्रिकेट खेलना पड़ सकता है. इसके लिए उनके पास नवंबर और दिसंबर में होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी जैसे टूर्नामेंट का विकल्प है. इन मुकाबलों में खेलने से उनकी फिटनेस और मैच खेलने की तैयारी का अंदाजा लगाया जा सकेगा.
हार्दिक ने IPL के बाद से कोई मैच नहीं खेला है. मई से वह लगातार चोटों से परेशान रहे हैं और फिलहाल BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हैं. ऐसे में उनकी वापसी से पहले पूरी तरह फिट होना जरूरी है.
टीम इंडिया के लिए क्यों अहम हैं हार्दिक?
शुभमन गिल ने हार्दिक की अहमियत बताते हुए कहा कि वह ऐसे खास खिलाड़ी हैं, जो नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी कर सकते हैं. इसके अलावा वह निचले क्रम में आकर तेजी से रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं.
भारतीय वनडे टीम में हार्दिक आमतौर पर नंबर 7 या 8 पर बल्लेबाजी करते हैं. वह आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने के साथ टीम को अतिरिक्त गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं. यही वजह है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही टीम के लिए उनकी वापसी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.