GTA 6 की रिलीज से पहले ही पैसों की बारिश, प्री-ऑर्डर से कमाए 11 हजार करोड़!

GTA 6 Launch: गेमिंग की दुनिया के सबसे चर्चित गेम्स में शामिल Grand Theft Auto 6 (GTA 6) रिलीज से पहले ही कमाई के मामले में बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ता नजर आ रहा है. गेम के लॉन्च होने में अभी दो दिन बाकी हैं, लेकिन इसकी प्री-ऑर्डर बिक्री ने पूरी गेमिंग इंडस्ट्री का ध्यान खींच लिया है.

gta-6-pre-order-sales-11000-crore-before-launch
Image Source: Internet

GTA 6 Launch: गेमिंग की दुनिया के सबसे चर्चित गेम्स में शामिल Grand Theft Auto 6 (GTA 6) रिलीज से पहले ही कमाई के मामले में बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ता नजर आ रहा है. गेम के लॉन्च होने में अभी दो दिन बाकी हैं, लेकिन इसकी प्री-ऑर्डर बिक्री ने पूरी गेमिंग इंडस्ट्री का ध्यान खींच लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, GTA 6 के डिजिटल प्री-ऑर्डर से अब तक करीब 1.18 अरब डॉलर यानी लगभग 11,000 करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान है. खास बात यह है कि गेम अभी तक खेलने के लिए उपलब्ध भी नहीं हुआ है. ऐसे में इसकी शुरुआती कमाई ने गेमिंग मार्केट में हलचल मचा दी है.

प्री-ऑर्डर से ही 11 हजार करोड़ रुपये की कमाई!

मार्केट रिसर्च फर्म Sensor Tower के 13 नवंबर के अनुमान के मुताबिक, GTA 6 के करीब 12.13 मिलियन यानी 1.21 करोड़ डिजिटल प्री-ऑर्डर हुए हैं. इनसे लगभग 1.18 अरब डॉलर के रेवेन्यू का अनुमान लगाया गया है. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 11,050 करोड़ रुपये बैठती है. इन प्री-ऑर्डर में सबसे बड़ी हिस्सेदारी PlayStation 5 की बताई जा रही है. अनुमान के मुताबिक, PS5 पर करीब 90.8 लाख प्री-ऑर्डर हुए हैं, जिनसे लगभग 88 करोड़ डॉलर की कमाई हुई है. वहीं, Xbox Series X और Series S पर करीब 30.6 लाख प्री-ऑर्डर और 29.6 करोड़ डॉलर के रेवेन्यू का अनुमान है.

हालांकि, इन आंकड़ों को लेकर एक बात समझना जरूरी है. Rockstar Games या इसकी पैरेंट कंपनी Take-Two Interactive ने अभी तक प्री-ऑर्डर की संख्या और कमाई के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं. ये Sensor Tower के अनुमान हैं और सिर्फ डिजिटल प्री-ऑर्डर पर आधारित हैं.

PlayStation और Xbox के स्टोर पर टूटे रिकॉर्ड

GTA 6 की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गेम ने रिलीज से पहले ही PlayStation और Xbox के डिजिटल स्टोर पर नए रिकॉर्ड बना दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Sony ने इसे PlayStation Store के इतिहास में सबसे ज्यादा प्री-ऑर्डर पाने वाला गेम बताया है. वहीं, Microsoft ने भी GTA 6 को अपने डिजिटल स्टोर के इतिहास का सबसे ज्यादा प्री-ऑर्डर हासिल करने वाला टाइटल बताया है. यानी गेम के रिलीज होने से पहले ही Rockstar Games ने दोनों बड़े गेमिंग प्लेटफॉर्म पर अपनी धाक जमा दी है.

GTA 5 ने भी लॉन्च के बाद मचाया था धमाल

GTA 6 की मौजूदा कमाई की तुलना इसके पिछले गेम Grand Theft Auto 5 से भी की जा रही है. साल 2013 में लॉन्च हुए GTA 5 ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में 1 अरब डॉलर की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया था. उस समय यह मनोरंजन जगत के सबसे बड़े लॉन्च रिकॉर्ड में शामिल हो गया था. अब GTA 6 के प्री-ऑर्डर से ही 1 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई का अनुमान सामने आ रहा है. हालांकि, दोनों आंकड़ों की सीधे तुलना करना सही नहीं होगा. GTA 5 का आंकड़ा लॉन्च के बाद हुई बिक्री का था, जबकि GTA 6 का मौजूदा आंकड़ा रिलीज से पहले के डिजिटल प्री-ऑर्डर का अनुमान है.

13 साल बाद आ रहा है GTA सीरीज का नया गेम

GTA 6 का इंतजार दुनियाभर के गेमर्स लंबे समय से कर रहे हैं. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि GTA सीरीज का पिछला मेन गेम GTA 5 साल 2013 में रिलीज हुआ था. यानी करीब 13 साल बाद इस फ्रेंचाइजी का नया मेन टाइटल आने जा रहा है. इस गेम में Jason और Lucia नाम के दो मुख्य किरदार होंगे. इसकी कहानी अमेरिकी राज्य Florida से प्रेरित काल्पनिक क्षेत्र Leonida में दिखाई जाएगी. गेम का सबसे चर्चित शहर Vice City है, जो GTA सीरीज के पुराने प्रशंसकों के बीच भी काफी लोकप्रिय रहा है. गेम की बड़ी दुनिया, नए किरदार और Rockstar Games की पिछली सफलताओं ने इसकी लोकप्रियता को और बढ़ाया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे तैयार करने में कई साल लगे हैं और इसके विकास पर भारी-भरकम रकम खर्च की गई है.

19 नवंबर को लॉन्च होगा GTA 6

GTA 6 को 19 नवंबर 2026 को PlayStation 5 और Xbox Series X|S के लिए रिलीज किया जाना है. गेम के लॉन्च से पहले ही जिस तरह के प्री-ऑर्डर आंकड़े सामने आ रहे हैं, उससे उम्मीद की जा रही है कि रिलीज के बाद भी यह कमाई के नए रिकॉर्ड बना सकता है.

यह भी पढें: अब चश्मे से बुक होगी कैब, रिजर्व होगी रेस्टोरेंट में टेबल! Siri AI संभालेगा कमान, जानें कब होगा लॉन्च