ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा, दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर, 12 से ज्यादा बच्चे घायल

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया.

Greater Noida two school buses collide more than 12 children injured
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया. दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास तेज रफ्तार के चलते दो स्कूल बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जबकि एक बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

यह दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे आमका रोड पर रूपवास गांव के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, रामाज्ञा स्कूल की एक बस तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. उसी दौरान सामने से आ रही जीसस मैरी स्कूल की बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के समय जीसस मैरी स्कूल की बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जबकि दूसरी बस खाली बताई जा रही है.

बच्चों की चीख-पुकार से मचा हड़कंप

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बसों में सवार बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से सभी घायलों को बसों से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल चालक को काफी मशक्कत के बाद बस से बाहर निकाला गया.

चालक की हालत नाजुक

इस हादसे में स्कूल बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसके सिर में गहरी चोट आई है और उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है.

वहीं, घायल बच्चों में ज्यादातर को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन कुछ बच्चों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें निगरानी में रखा गया है.

अस्पताल में जुटे परिजन

जैसे ही हादसे की खबर बच्चों के परिजनों तक पहुंची, वे घबराकर अस्पताल पहुंचने लगे. अस्पताल परिसर में अभिभावकों की भीड़ लग गई और हर कोई अपने बच्चे की स्थिति जानने के लिए परेशान नजर आया.

घायलों में शौर्य नगर, अभिषेक शुक्ला, मेघना शुक्ला, प्रज्ञा शुक्ला, जानवी शुक्ला, पीहू मित्तल और अनआयशा समेत कई अन्य बच्चे शामिल हैं.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई. एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया.

पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि दूसरी बस का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें- IPL 2026: रोहित-विराट की फिटनेस ने बढ़ाई चिंता, कुछ मैचों से होंगे बाहर? इंजरी पर आया अपडेट