Tractor Subsidy: किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए सरकार दे रही 3 लाख रुपये की सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

खेती-किसानी में ट्रैक्टर का इस्तेमाल कई जरूरी कामों के लिए किया जाता है. खेत की जुताई से लेकर बुवाई और दूसरे कृषि कार्यों तक, ट्रैक्टर से किसानों का काम आसान हो जाता है.

Government offering a subsidy of Rs 3 lakh to farmers for purchasing tractors
प्रतीकात्मक तस्वीर/ Freepik

Tractor Subsidy: खेती-किसानी में ट्रैक्टर का इस्तेमाल कई जरूरी कामों के लिए किया जाता है. खेत की जुताई से लेकर बुवाई और दूसरे कृषि कार्यों तक, ट्रैक्टर से किसानों का काम आसान हो जाता है. हालांकि, इसकी कीमत ज्यादा होने के कारण छोटे किसान नया ट्रैक्टर खरीदने में सक्षम नहीं हो पाते हैं.

ऐसे किसानों को राहत देने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से ट्रैक्टर सब्सिडी योजना चलाई जा रही है. इस योजना के तहत अनुसूचित जाति (SC) के किसानों को 45 हॉर्स पावर (HP) से अधिक क्षमता वाला नया ट्रैक्टर खरीदने पर 3 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी.

15 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन

इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक किसान हरियाणा कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriharyana.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2026 तय की गई है.

फॉर्म भरते समय किसानों को अपनी निजी जानकारी के साथ जमीन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे. अगर किसी जिले में तय लक्ष्य से ज्यादा आवेदन आते हैं, तो लाभार्थियों का चुनाव लॉटरी के जरिए किया जाएगा. चयनित किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए विभाग की ओर से परमिट जारी किया जाएगा.

किन किसानों को मिलेगा सब्सिडी का लाभ?

हरियाणा सरकार की इस योजना का लाभ केवल अनुसूचित जाति (SC) के किसान उठा सकते हैं. इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें भी रखी गई हैं.

किसान के नाम पर कृषि भूमि होनी चाहिए. परिवार पहचान पत्र (PPP) में परिवार के किसी दूसरे सदस्य के नाम दर्ज जमीन को भी मान्य माना जाएगा. इसके अलावा किसान का 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है.

आवेदन के दौरान जमीन के मालिकाना हक से जुड़ा प्रमाण और कृषि विभाग की ओर से मांगा गया शपथ पत्र भी जमा करना होगा. साथ ही, किसान ने पिछले पांच साल के दौरान कृषि विभाग से ट्रैक्टर खरीदने के लिए किसी तरह की सब्सिडी नहीं ली होनी चाहिए.

पांच साल तक ट्रैक्टर बेचने की अनुमति नहीं

योजना के तहत सब्सिडी लेकर ट्रैक्टर खरीदने वाले किसानों को एक जरूरी नियम का पालन करना होगा. किसान अगले पांच साल तक उस ट्रैक्टर को बेच नहीं सकेंगे. इसके लिए आवेदन करते समय पोर्टल पर शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा.

वहीं, जिन किसानों का चयन होगा, उन्हें परमिट जारी होने के 15 दिनों के अंदर विभाग से मंजूर निर्माता से नया ट्रैक्टर खरीदना होगा.

बैंक खाते से करना होगा ट्रैक्टर का भुगतान

ट्रैक्टर खरीदते समय किसानों को पूरी रकम का भुगतान अपने बैंक खाते से ऑनलाइन करना होगा. इसके लिए नकद भुगतान की अनुमति नहीं होगी.

ट्रैक्टर खरीदने के बाद जिला स्तर पर कृषि विभाग के अधिकारी इसकी जांच करेंगे. अधिकारी ट्रैक्टर और खरीद से जुड़े दस्तावेजों का मिलान करेंगे. जांच में सभी नियम और शर्तें सही पाए जाने पर सब्सिडी की रकम सीधे किसान के बैंक खाते में भेज दी जाएगी.

ये भी पढ़ें- 'सिर्फ 12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए', पीएम मोदी बोले- दुनिया देख रही भारत की तरक्की