Google के स्मार्ट चश्मे में मिलेंगे कई धांसू फीचर्स, Hey Gemini बोलते ही एक्टिव होगा AI, जानें कीमत

टेक्नोलॉजी की दुनिया में स्मार्टफोन के बाद अब स्मार्ट चश्मों का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है. कंपनियां इनमें नए-नए फीचर जोड़ रही हैं, ताकि यूजर्स का काम आसान हो सके.

Google smart glasses impressive features AI ​​Hey Gemini Voice Command
Image Source: Social Media

Google Smart Glasses: टेक्नोलॉजी की दुनिया में स्मार्टफोन के बाद अब स्मार्ट चश्मों का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है. कंपनियां इनमें नए-नए फीचर जोड़ रही हैं, ताकि यूजर्स का काम आसान हो सके. इसी कड़ी में Google ने अपने नए Android XR स्मार्ट चश्मों के लिए Hey Gemini वॉयस कमांड फीचर पेश किया है.

इस फीचर की मदद से यूजर्स सिर्फ Hey Gemini बोलकर AI असिस्टेंट को एक्टिव कर सकेंगे. इसके बाद वे सीधे चश्मे से सवाल पूछ सकते हैं और Gemini Live से जवाब पा सकते हैं. यानी अब AI असिस्टेंट से बात करने के लिए बार-बार फोन निकालने या किसी बटन को दबाने की जरूरत नहीं होगी.

Google और Samsung ने मिलकर तैयार किए चश्मे

गूगल का यह नया फीचर उसके Intelligent Eyewear में दिया गया है. इन स्मार्ट चश्मों को Google और Samsung ने मिलकर तैयार किया है. इन्हें रोजाना इस्तेमाल करने को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि यूजर्स इन्हें लंबे समय तक आराम से पहन सकें.

इसके लिए दोनों कंपनियों ने Gentle Monster और Warby Parker के साथ भी साझेदारी की है. इन कंपनियों के साथ मिलकर स्मार्ट चश्मों के अलग-अलग डिजाइन तैयार किए गए हैं.

फोन में अभी भी बोलना होगा Hey Google

स्मार्ट चश्मों में Hey Gemini कमांड मिलने के बावजूद Android स्मार्टफोन पर अभी भी Hey Google बोलकर ही असिस्टेंट को एक्टिव करना होगा. फोन पर Gemini Live और Google Search इस्तेमाल करने के लिए यही कमांड काम करेगा.

दरअसल, स्मार्टफोन और स्मार्ट चश्मों के इस्तेमाल का तरीका अलग है. फोन में ज्यादातर लोग कुछ सर्च करने या जानकारी लेने के लिए वॉयस कमांड का इस्तेमाल करते हैं. वहीं, स्मार्ट चश्मे पहनकर यूजर अपने सामने मौजूद चीजों के बारे में भी सवाल पूछ सकते हैं.

उदाहरण के लिए, अगर यूजर किसी जगह या सामान को देख रहा है तो वह Gemini से उसके बारे में जानकारी मांग सकता है. ऐसे में Hey Gemini कमांड से AI असिस्टेंट को तुरंत एक्टिव करना आसान हो जाएगा.

वहीं, Samsung ने अपने स्मार्टफोन और चश्मों में Bixby असिस्टेंट के लिए Hi Bixby कमांड का विकल्प रखा है.

37 से 42 हजार रुपये तक है कीमत

Google और Samsung के इन स्मार्ट चश्मों की कीमत भी सामने आ गई है. Warby Parker के स्मार्ट चश्मों की शुरुआती कीमत 395 डॉलर यानी करीब 37 हजार रुपये रखी गई है. वहीं, Gentle Monster के मॉडल की कीमत 499 डॉलर यानी लगभग 42 हजार रुपये है.

फिलहाल इनकी प्री-ऑर्डर बुकिंग अमेरिका में शुरू की गई है. इनकी बिक्री 10 दिसंबर से शुरू होगी. हालांकि, भारत में इन स्मार्ट चश्मों को कब लॉन्च किया जाएगा, इस बारे में कंपनी ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है.

कैमरा, स्टोरेज और स्पीकर जैसे फीचर्स भी मिलेंगे

फीचर्स की बात करें तो इन स्मार्ट चश्मों में Qualcomm Snapdragon AR 1 Gen 1 चिपसेट दिया गया है. कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 6E और Bluetooth 5.4 का सपोर्ट मिलता है. इसके अलावा इनमें 2GB RAM और 64GB स्टोरेज दी गई है.

फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए चश्मे में 12 मेगापिक्सल का HDR कैमरा भी लगाया गया है. बेहतर ऑडियो के लिए इसमें दो ओपन स्पीकर और चार माइक्रोफोन दिए गए हैं.

कुल मिलाकर इन स्मार्ट चश्मों में कैमरा, ऑडियो और AI असिस्टेंट जैसे फीचर एक साथ मिलते हैं. Hey Gemini की मदद से यूजर्स बिना फोन निकाले ही AI से बातचीत कर सकेंगे.

ये भी पढ़ें- Google से Microsoft तक भारतीयों का जलवा, अब Nvidia की CEO कुर्सी पर नजर! रेस में 3 इंडियन नाम शामिल