Ghaziabad Fire: इंदिरापुरम के गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में लगी भीषण आग, 8 फ्लैट जलकर राख, Video

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह एक भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया. यह आग 13 मंजिला टावर की 9वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में शुरू हुई और कुछ ही देर में तेजी से फैलते हुए ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई.

Ghaziabad Fire fire breaks out in Gaur Green Avenue Society Indirapuram Video
Image Source: Social Media

Ghaziabad Fire: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह एक भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया. यह आग 13 मंजिला टावर की 9वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में शुरू हुई और कुछ ही देर में तेजी से फैलते हुए ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई.

आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 9वीं से 12वीं मंजिल तक कुल 8 फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

तेजी से फैली आग, दूसरे टावर तक पहुंचीं लपटें

शुरुआत में एक फ्लैट तक सीमित आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया. तेज हवा और ऊंचाई की वजह से लपटें तेजी से फैलती चली गईं और एक टावर से दूसरे टावर तक पहुंच गईं.

बताया जा रहा है कि पास के टावर के भी दो फ्लैट इस आग की चपेट में आ गए, जिससे नुकसान और बढ़ गया.

समय रहते खाली कराई गई इमारत

राहत की बात यह रही कि आग लगते ही सोसाइटी के लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाई. सभी निवासियों को समय रहते इमारत से बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

हालांकि, कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. 12वीं मंजिल पर रहने वाले एक निवासी ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे. उनके परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकल पाए, लेकिन उनका फ्लैट पूरी तरह जल गया.

दमकल की 20 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए 20 से अधिक फायर टेंडर लगाए गए हैं.

इसके अलावा पुलिस बल और एंबुलेंस भी मौके पर तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और आग पर काबू पाने के प्रयास तेज किए गए हैं.

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के आदेश

आग लगने की वजह को लेकर शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली कारण का पता जांच के बाद ही चलेगा. प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.

इस घटना पर योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं और पुलिस व जिला प्रशासन को हालात पर नजर बनाए रखने को कहा है.

ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2: अभी तक धमाल मचा रही 'धुरंधर 2', छठे मंगलवार भी कमाई जारी, क्या है 'भूत बंगला' का हाल?