दोस्ती, डील और जासूसी... चीनी एजेंट से अफेयर पर घिरे Nvidia CEO, बेडरूम से बोर्डरूम तक पहुंचा विवाद!

दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) इन दिनों एक बड़े विवाद को लेकर चर्चा में है.

Friendship deals and espionage Nvidia CEO controversy affair with a Chinese agent
Image Source: Social Media

Nvidia CEO Controversy: दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) इन दिनों एक बड़े विवाद को लेकर चर्चा में है. कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग के एक कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर अमेरिका में हलचल मची हुई है. इस मामले में जिस महिला का नाम सामने आया है, उस पर चीनी जासूस होने का संदेह जताया जा रहा है.

मामला तब चर्चा में आया जब एनवीडिया के बोर्ड ने एक चीनी बिजनेसवुमन के साथ जेन्सेन हुआंग के कथित करीबी रिश्तों की जांच शुरू की. 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, जेन्सेन हुआंग के एलिस हुआंग के साथ संबंध थे. एलिस सिंगापुर की कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की पूर्व अधिकारी रह चुकी हैं. अमेरिकी अधिकारियों की जांच में उनके चीनी खुफिया तंत्र से जुड़े होने की बात सामने आने का दावा किया गया है.

मेगास्पीड और Nvidia के बीच अरबों डॉलर की डील

जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग की पहली मुलाकात कब और कैसे हुई, यह अभी साफ नहीं है. हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जून 2024 में दोनों को ताइपे के एक बार में साथ देखा गया था. उस दौरान वे 'गीगाबाइट' (Gigabyte) और 'नेटथंडर' (NetThunder) के अधिकारियों के साथ मौजूद थे.

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान एलिस हुआंग की कंपनी मेगास्पीड ने एनवीडिया से अरबों डॉलर के अत्याधुनिक AI चिप्स खरीदने का सौदा किया था. मई 2025 में भी जेन्सेन हुआंग जब ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर पत्रकारों से बात कर रहे थे, तब एलिस उनके पीछे खड़ी नजर आई थीं.

इसके बाद मेगास्पीड और एनवीडिया के बीच हुए सौदे अमेरिकी अधिकारियों की नजर में आ गए. जांच में कथित तौर पर पता चला कि मेगास्पीड की प्रमुख चीन के अधिकारियों तक जानकारी पहुंचा रही थीं.

चीन ने जासूसी के लिए एलिस हुआंग को किया था तैयार?

'द टाइम्स' और 'फाइनेंशियल टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, एक गोपनीय मेमो में दावा किया गया है कि चीन के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी ने एलिस हुआंग को अपने लिए काम पर रखा था.

उनकी जिम्मेदारी एनवीडिया के प्रमुख के बारे में खुफिया जानकारी जुटाना और कंपनी पर दबाव बनाना था. इसके जरिए चीन चाहता था कि एनवीडिया अपने सबसे आधुनिक AI चिप्स उसे बेचने के लिए तैयार हो जाए.

दरअसल, अमेरिका और चीन के बीच AI तकनीक को लेकर मुकाबला लगातार बढ़ रहा है. इसी को देखते हुए जो बाइडेन प्रशासन ने चीन को एनवीडिया के सबसे आधुनिक चिप्स बेचने पर रोक लगा दी थी. हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद जेन्सेन हुआंग ने चीन को चिप्स बेचने पर लगे सख्त प्रतिबंधों का विरोध किया था.

ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग को बताया ईमानदार

इस पूरे विवाद पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी. अपनी हैलोवीन पार्टी के दौरान उन्होंने जेन्सेन हुआंग के कथित अफेयर से जुड़े मामले को काफी जटिल बताया. साथ ही उम्मीद जताई कि हुआंग के साथ सब ठीक होगा.

जेन्सेन हुआंग राष्ट्रपति ट्रंप की 'काउंसिल ऑफ एडवाइजर्स ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी' के सदस्य भी हैं. ट्रंप कई मौकों पर उनकी तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने हुआंग को स्मार्ट और शानदार व्यक्ति बताया है. ट्रंप का यह भी कहना है कि उन्हें अपनी विदेश यात्राओं में जेन्सेन हुआंग को साथ रखना चाहिए.