गाजा में खाने की किल्लत, फिर गहराया भुखमरी का खतरा, UN ने फंड की कमी से घटाई राशन सप्लाई

इजरायल के हमलों से जूझ रहे गाजा में एक बार फिर भुखमरी का खतरा बढ़ गया है. संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने पैसों की कमी के कारण खाद्य सहायता में कटौती करने का फैसला किया है.

Food shortages in Gaza People Face Starvation UN Cuts Food Aid
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Gaza Food Crisis: इजरायल के हमलों से जूझ रहे गाजा में एक बार फिर भुखमरी का खतरा बढ़ गया है. संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने पैसों की कमी के कारण खाद्य सहायता में कटौती करने का फैसला किया है. एजेंसी के मुताबिक, गाजा में करीब 5 लाख लोगों को दी जा रही मदद रोक दी गई है, जबकि राशन की मात्रा भी एक तिहाई कम कर दी गई है. WFP ने चेतावनी दी है कि जल्द अतिरिक्त मदद नहीं मिली तो हालात और बिगड़ सकते हैं. इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ सकता है.

राशन की मात्रा में की गई कटौती

विश्व खाद्य कार्यक्रम ने बताया कि इस महीने गाजा में करीब 11 लाख लोगों को भोजन और नकद सहायता दी जा रही है. पिछले महीने यह संख्या 16 लाख थी. फंड की कमी के कारण सहायता पाने वाले लोगों की संख्या घटाने के साथ ही राशन की मात्रा भी आधी कर दी गई है.

एजेंसी के मुताबिक, यह कटौती ऐसे समय में हुई है, जब सर्दी का मौसम आने वाला है. हाल के दिनों में खाद्य सुरक्षा की स्थिति में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन अब भी हालात नाजुक बने हुए हैं.

नकद सहायता भी घटाई गई

WFP ने बताया कि अब खाद्य सहायता पाने वाले परिवारों को पहले की तरह दो खाद्य पैकेट नहीं मिलेंगे. उन्हें एक खाद्य पैकेट और गेहूं के आटे का एक छोटा पैकेट दिया जाएगा. इसके अलावा, 75 हजार परिवारों को मिलने वाली नकद सहायता में भी कमी की गई है.

खाना नहीं बना पाने वाले लोगों के लिए गर्म भोजन की व्यवस्था भी घटा दी गई है. पहले जहां रोजाना 2.5 लाख लोगों को गर्म खाना दिया जाता था, वहीं अब यह संख्या घटकर 1.5 लाख रह गई है. दूरदराज के कुछ इलाकों में रहने वाले परिवारों को अब हर दिन के बजाय एक दिन छोड़कर गर्म भोजन मिल रहा है.

गाजा में सर्दी के साथ बढ़ेंगी मुश्किलें

विश्व खाद्य कार्यक्रम के कार्यवाहक कार्यकारी निदेशक कार्ल स्काउ ने कहा कि गाजा में युद्धविराम समझौते को एक साल बीत चुका है, लेकिन लोगों की जिंदगी अब भी मुश्किलों से भरी है. वहां कई लोगों के पास रहने के लिए उचित जगह नहीं है और बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है.

उन्होंने कहा कि सर्दी का मौसम आने से लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं. गाजा में सर्दियां काफी कठिन होती हैं. ऐसे में खाद्य सहायता में कटौती से उन परिवारों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है, जो पहले से ही भोजन और दूसरी जरूरी चीजों के लिए राहत पर निर्भर हैं.