Hero Ki Horrorine: शुक्रवार 13 तारीख को अब डर का एक नया कारण मिल गया है. इस दिन को अंधविश्वास और अपशकुन से जोड़कर देखा जाता है. इसी खास मौके पर एकता आर कपूर और अमर बुटाला ने अपनी आने वाली फिल्म ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ के टाइटल का ऐलान किया है. फिल्म का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं.
जय हो मीडिया वेंचर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड प्रस्तुत कर रहा है. फिल्म की निर्माता शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अमर बुटाला हैं. यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
फिल्म के पहले लुक पोस्टर में एक बेहद डरावना चेहरा देखने को मिल रहा है. लंबे बाल, खून से लाल साड़ी, डरावना और बुरी तरह बिगड़ा हुआ चेहरा, सफेद आंखें, नुकीले दांत और पंजों जैसे हाथों के साथ एक खौफनाक महिला नजर आ रही है. धुएं और अंधेरे से भरे बैकग्राउंड में उसका यह रूप फिल्म की डरावनी दुनिया की झलक देता है. फिल्म का टाइटल भले ही हीरोइन की बात करता हो, लेकिन इसका पहला लुक देखकर साफ है कि इस हॉरॉरोइन से सामना करना हर किसी के बस की बात नहीं होगी.
‘हीरो की हॉरॉरोइन’ का टाइटल ऐसे समय पर सामने आया है, जब एकता आर कपूर के लिए यह साल काफी अच्छा रहा है. उनकी फिल्म ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, वहीं ‘द व्वान’ को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. टीवी पर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ और ‘नागिन 7’ के जरिए बालाजी ने अपने फिक्शन कंटेंट को आगे बढ़ाया है. इसके साथ ही कंपनी ने यूट्यूब के साथ मिलकर एक्सक्लूसिव प्रीमियम शोज के जरिए डिजिटल दुनिया में भी अपने कदम बढ़ाए हैं.
एकता आर कपूर एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी कर रही हैं. इससे पहले भी वह इस जॉनर में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं. इस बार भी वह सुपरनैचुरल डर और एंटरटेनमेंट का ऐसा मेल लेकर आ रही हैं, जो दर्शकों को एक अलग अनुभव देने का वादा करता है.
वहीं, अमर बुटाला भी इस फिल्म के साथ एकता आर कपूर से हाथ मिला रहे हैं. वह इससे पहले ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘केसरी’ जैसी बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्मों के साथ-साथ समीक्षकों की सराहना पाने वाली फिल्म ‘मिशन मजनू’ को भी प्रोड्यूस कर चुके हैं. साजिद खान के निर्देशन में बन रही यह फिल्म उनके कमर्शियल सिनेमा के अनुभव को हॉरर जॉनर के साथ जोड़ती है. ऐसे में फिल्म में डर, रोमांच और मनोरंजन का दिलचस्प मेल देखने को मिल सकता है.
शुक्रवार 13 तारीख के मौके पर टाइटल का ऐलान कर ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह नई हॉरॉरोइन बड़े पर्दे पर किस तरह अपना खौफ दिखाती है.
‘हीरो की हॉरॉरोइन’ जय हो मीडिया वेंचर्स की प्रस्तुति है, जिसे बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड प्रस्तुत कर रहा है. फिल्म के निर्माता शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अमर बुटाला हैं. साजिद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.