Karmabhoomi Express Fire: पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना के समय ट्रेन चल रही थी. आग और धुएं को देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई. धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया. सूचना मिलते ही राहत और बचाव की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया.
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर जा रही ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगी. यह घटना राजपुरा से करीब 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई. बताया जा रहा है कि इंजन की तरफ से पांचवें कोच में आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद ट्रेन को सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास मध्य सरहिंद-राजपुरा के बीच रोक दिया गया. फिलहाल ट्रेन बसंतपुरा रेलवे स्टेशन पर खड़ी है.
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आग लगने की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी. इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. समय रहते ट्रेन रोकने और यात्रियों को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया. राहत की बात है कि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है. आग लगने की वजह और नुकसान को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.