FIFA World Cup 2026: एम्बाप्पे ने जीता गोल्डन बूट, रोड्री बने बेस्ट प्लेयर, देखें सभी विजेताओं की लिस्ट

फीफा वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे ने लगातार दूसरे विश्व कप में गोल्डन बूट जीतकर इतिहास रच दिया.

FIFA World Cup 2026 Mbappé wins Golden Boot Rodri named Best Player list of all winners
Image Source: Social Media

Fifa World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे ने लगातार दूसरे विश्व कप में गोल्डन बूट जीतकर इतिहास रच दिया. वहीं विश्व चैंपियन स्पेन के कप्तान रोड्री को शानदार प्रदर्शन के लिए गोल्डन बॉल यानी टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया.

स्पेन ने फाइनल में अर्जेंटीना को हराकर विश्व कप का खिताब अपने नाम किया. इस जीत के साथ रोड्री ने पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार खेल से सभी का ध्यान खींचा. मिडफील्ड में उनकी सटीक पासिंग और खेल पर नियंत्रण स्पेन की सफलता की बड़ी वजह रहा.

उनाई सिमोन बने बेस्ट गोलकीपर

स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए गोल्डन ग्लव अवॉर्ड मिला. पूरे टूर्नामेंट में स्पेन की मजबूत डिफेंस देखने को मिली और टीम ने आठ मैचों में सिर्फ एक गोल खाया.

पाउ कुबारसी बने सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी

स्पेन के युवा डिफेंडर पाउ कुबारसी को बेस्ट यंग प्लेयर का पुरस्कार दिया गया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और इस दौड़ में अपनी ही टीम के युवा स्टार लामिन यमाल को पीछे छोड़ दिया.

नीदरलैंड्स को मिला फेयर प्ले अवॉर्ड

पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और खेल भावना दिखाने के लिए नीदरलैंड्स की टीम को फेयर प्ले ट्रॉफी से सम्मानित किया गया.

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रमुख अवॉर्ड विजेता

  • गोल्डन बॉल (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी): रोड्री (स्पेन)
  • गोल्डन बूट (सबसे ज्यादा गोल): किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) – 10 गोल
  • गोल्डन ग्लव (सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर): उनाई सिमोन (स्पेन)
  • बेस्ट यंग प्लेयर: पाउ कुबारसी (स्पेन)
  • फेयर प्ले ट्रॉफी: नीदरलैंड्स

मेसी से छूटा बड़ा सम्मान

फाइनल में अर्जेंटीना को स्पेन से हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले में लियोनेल मेसी गोल नहीं कर सके. पूरे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन की काफी तारीफ हुई, लेकिन वह तीसरी बार गोल्डन बॉल जीतने से चूक गए.

एम्बाप्पे ने बनाया नया रिकॉर्ड

किलियन एम्बाप्पे ने इस विश्व कप में 10 गोल और 4 असिस्ट किए. सेमीफाइनल तक उनके और मेसी के 8-8 गोल थे, लेकिन तीसरे स्थान के मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ एम्बाप्पे ने दो गोल करके गोल्डन बूट अपने नाम कर लिया.

इसी के साथ एम्बाप्पे विश्व कप के एक संस्करण में 10 गोल करने वाले जर्मनी के दिग्गज गर्ड म्यूलर के बाद पहले खिलाड़ी बने. उनके नाम अब विश्व कप में कुल 22 गोल हो चुके हैं, जबकि लियोनेल मेसी के विश्व कप करियर में 21 गोल दर्ज हैं. इसके बावजूद मेसी अपने शानदार करियर में अब तक एक भी बार गोल्डन बूट नहीं जीत सके.