FIFA World Cup 2026 Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और अब खिताब जीतने के लिए तैयार हैं.
इस वर्ल्ड कप में लियोनेल मेसी शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने अब तक 8 गोल किए हैं और अर्जेंटीना को फाइनल तक पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है. अब फाइनल में उनके पास कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है.
दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाले पहले कप्तान बन सकते हैं
अर्जेंटीना ने साल 2022 का फीफा वर्ल्ड कप मेसी की कप्तानी में जीता था. अगर इस बार भी अर्जेंटीना चैंपियन बनती है, तो मेसी फुटबॉल इतिहास के पहले ऐसे कप्तान बन जाएंगे, जिन्होंने दो बार अपनी टीम को वर्ल्ड कप जिताया हो. इसके साथ ही वह तीन अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी भी बनेंगे.
एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड
मेसी ने इस टूर्नामेंट में अब तक 8 गोल किए हैं. अगर वह फाइनल में एक और गोल कर देते हैं और अर्जेंटीना खिताब जीत जाती है, तो वह वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की ओर से एक ही टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं. फिलहाल वह गोल्डन बूट की दौड़ में भी सबसे आगे चल रहे हैं.
तीसरी बार जीत सकते हैं गोल्डन बॉल
लियोनेल मेसी ने 2014 और 2022 में फीफा वर्ल्ड कप की गोल्डन बॉल जीती थी. अगर फाइनल में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहता है और अर्जेंटीना खिताब जीत जाती है, तो उन्हें तीसरी बार यह सम्मान मिल सकता है. ऐसा होने पर वह वर्ल्ड कप इतिहास में तीन बार गोल्डन बॉल जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे.
सबसे ज्यादा उम्र में लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने का मौका
अर्जेंटीना की नजर लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतने पर है. अगर टीम स्पेन को हराकर खिताब अपने नाम करती है, तो मेसी सबसे ज्यादा उम्र में लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं.
फिलहाल यह रिकॉर्ड ब्राजील के निल्टन सैंटोस के नाम है, जिन्होंने 1962 में 37 साल की उम्र में लगातार दूसरा वर्ल्ड कप जीता था. अब सभी की नजर 19 जुलाई को होने वाले फाइनल पर होगी, जहां लियोनेल मेसी के पास अपनी शानदार फुटबॉल यात्रा में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ने का मौका होगा.
ये भी पढ़ें- Mexico Earthquake: शक्तिशाली भूकंप से दहली मैक्सिको की धरती, 7.4 रही तीव्रता, सुनामी की चेतावनी जारी