FHRAI के 56वें वार्षिक सम्मेलन में ‘अनंत काशी’ पर होगा मंथन, CM योगी आदित्यनाथ करेंगे शिरकत

देश के हॉस्पिटैलिटी उद्योग के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स ऑफ इंडिया (FHRAI) का 56वां वार्षिक सम्मेलन 21 से 23 अगस्त तक वाराणसी के ताज गंगेज में आयोजित होगा.

fhrai-56th-annual-convention-varanasi-tourism-hospitality
Image Source: ANI

वाराणसी: देश के हॉस्पिटैलिटी उद्योग के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स ऑफ इंडिया (FHRAI) का 56वां वार्षिक सम्मेलन 21 से 23 अगस्त तक वाराणसी के ताज गंगेज में आयोजित होगा. तीन दिवसीय सम्मेलन में ‘अनंत काशीः अध्यात्म, संस्कृति, व्यंजन एवं शिल्प के माध्यम से पर्यटन के भविष्य का नेतृत्व’ विषय पर देशभर के होटल, रेस्तरां और पर्यटन क्षेत्र के दिग्गज मंथन करेंगे.

सम्मेलन का आयोजन पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग तथा उत्तर प्रदेश पर्यटन के पार्टनर स्टेट के रूप में किया जा रहा है. सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है. केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, यूपी के मंत्री रविन्द्र जायसवाल और गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खूंते सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है.

हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से इंडियन होटल्स कंपनी के एमडी एवं सीईओ पुनीत छटवाल, ITC होटल्स के एमडी अनिल चड्ढा समेत रेडिसन, हिल्टन, IHG, Wyndham और Lemon Tree जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी सम्मेलन में भाग लेंगे.

पर्यटन के नए आयामों पर होगा मंथन

21 अगस्त को उद्घाटन समारोह के साथ FHRAI भारत गौरव पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. इस दौरान काशी की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां, प्रदर्शनी का उद्घाटन और गाला डिनर भी होगा. सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में आध्यात्मिक एवं वेलनेस पर्यटन, MICE, वेडिंग डेस्टिनेशन, सतत हॉस्पिटैलिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल परिवर्तन, ODOP-ODOC के जरिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी.

प्रतिनिधियों को कराया जाएगा काशी का दर्शन

सम्मेलन में देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर, स्वर्वेद महामंदिर, नमो घाट की गंगा आरती और सुबह-ए-बनारस क्रूज सहित कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. समापन सत्र में FHRAI Excellence Awards के तहत हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के उत्कृष्ट लोगों और छात्रों को सम्मानित किया जाएगा.

FHRAI अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा कि यह सम्मेलन विरासत और नवाचार को जोड़ते हुए भारत के पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मंच बनेगा. FHRAI देशभर के एक लाख से अधिक होटल और करीब पांच लाख रेस्तरां का प्रतिनिधित्व करने वाला प्रमुख संगठन है.

ये भी पढ़ें: UP: विधवा पेंशन योजना के लिए योगी सरकार ने खोला खजाना, 380 करोड़ रुपये किए मंजूर