Samay Raina And Sunil Pal: कॉमेडियन सुनील पाल और स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के बीच चल रही जुबानी जंग अब और तेज होती नजर आ रही है. अपने ताजा बयान में सुनील पाल ने एक बार फिर इंडियाज गॉट लेटेंट और उसके फॉर्मेट पर निशाना साधा है.
हाल ही में एक बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के अगले सीजन में नजर आएंगे, तो उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि वह इतने बड़े शो के लायक नहीं हैं और खुद को छोटा आर्टिस्ट बताया. हालांकि इसके बाद उन्होंने शो के जज पैनल को लेकर भी तीखी टिप्पणी कर दी.
माता-पिता को जज बनाने की दी सलाह
सुनील पाल ने कहा कि जैसे अर्चना पूरन सिंह लंबे समय से द ग्रेट इंडियन कपिल शो में जज की भूमिका निभा रही हैं, उसी तरह समय रैना को भी अपने शो में अलग तरीका अपनाना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समय रैना को अपने माता-पिता को जज बनाकर उनके सामने शो करना चाहिए.
Samay Raina was right in his interview that Sunil Pal is frustrated from inside. pic.twitter.com/kcRC1LXOE9
— Aditya (@Warlock_Aditya) May 23, 2026
कैसे शुरू हुई विवाद की शुरुआत
सुनील पाल और समय रैना के बीच विवाद तब शुरू हुआ जब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में रणवीर अल्लाहबादिया के एक बयान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. मामला इतना बढ़ा कि एफआईआर तक दर्ज हुई और शो को बंद करना पड़ा. इसके बाद सुनील पाल ने शो के कंटेंट और फॉर्मेट की खुलकर आलोचना की थी.
कपिल शर्मा शो को लेकर भी जताई नाराजगी
विवाद के बाद सुनील पाल ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में भी नजर आए, जहां समय रैना और रणवीर अलाहबादिया भी मौजूद थे. एपिसोड वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया कि शो में सुनील पाल की बेइज्जती की गई.
सुनील पाल ने बाद में एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें पहले से नहीं बताया गया था कि समय रैना भी शो में होंगे. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 15 मिनट का स्टैंडअप एक्ट तैयार किया था, लेकिन उन्हें पूरा परफॉर्म करने का मौका नहीं मिला और उनके कई जोक्स बीच में काट दिए गए.
सेट पर मिले रिएक्शन से थे परेशान
सुनील पाल ने यह भी कहा कि सेट पर उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि पूरा माहौल एकतरफा बनाया गया था. उनके मुताबिक लोगों ने उनके जोक्स पर जानबूझकर कम रिएक्शन दिया, जबकि समय रैना के छोटे जोक्स पर ज्यादा प्रतिक्रिया देखने को मिली.
उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पूरन सिंह के रिएक्शन का भी जिक्र किया. सुनील पाल का कहना था कि सेट पर जिस तरह का माहौल बनाया गया, उससे उन्हें अजीब महसूस हुआ.
एपिसोड से हटाए गए कई हिस्से
सुनील पाल ने यह भी दावा किया कि रिकॉर्डिंग के दौरान कई वल्गर जोक्स और अपमानजनक शब्द बोले गए थे, लेकिन एपिसोड ऑनएयर होने से पहले उन्हें हटा दिया गया. इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर कॉमेडी शोज के कंटेंट और फॉर्मेट को लेकर फिर बहस शुरू हो गई है.
ये भी पढ़ें- क्या असरदार रही पीएम मोदी की विदेश न जाने की अपील? आंकड़े देखकर रह जाएंगे हैरान