शिक्षा, टेक्नोलॉजी और AI... भारत और इजरायल के बीच कई अहम मुद्दों पर MoU साइन, G2G बैठक को लेकर बड़ा ऐलान

India Israel MoU Announcement: नरेंद्र मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच डेलीगेशन-लेवल की अहम बातचीत पूरी हो गई है. इस बैठक के बाद भारत और इजरायल ने आर्थिक, सुरक्षा और कूटनीतिक सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए.

Education technology and AI MoU signed between India and Israel on many important issues
Image Source: Social Media

India Israel MoU Announcement: नरेंद्र मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच डेलीगेशन-लेवल की अहम बातचीत पूरी हो गई है. इस बैठक के बाद भारत और इजरायल ने आर्थिक, सुरक्षा और कूटनीतिक सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए. प्रधानमंत्री मोदी इस समय दो दिन के तेल अवीव दौरे पर हैं, जिसे दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस यात्रा को “शानदार और बेहद प्रोडक्टिव” बताया. 

उन्होंने कहा कि भले ही यह दौरा छोटा था, लेकिन इसके नतीजे काफी प्रभावशाली और भावनात्मक रहे. उन्होंने यह भी कहा कि नेसेट में पीएम मोदी के संबोधन ने इजरायल के लोगों को गहराई से प्रभावित किया. उनके अनुसार, इस दौरे ने दोनों देशों के दिलों और दिमागों को और करीब लाने का काम किया है.

शिक्षा, टेक्नोलॉजी और AI पर जोर

नेतन्याहू ने शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को भविष्य की कुंजी बताया. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक सॉफ्टवेयर की मदद से हर छात्र तक पहुंचा जा सकता है और उन्हें उनकी पूरी क्षमता तक विकसित किया जा सकता है. उनका मानना है कि जो देश नवाचार को अपनाते हैं, भविष्य उन्हीं का होता है.

भारत में होगी G2G बैठक

इजरायल के प्रधानमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि भारत में गवर्नमेंट-टू-गवर्नमेंट (G2G) मीटिंग आयोजित करने का फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि जैसे ही तैयारियां पूरी होंगी, दोनों देशों के वरिष्ठ मंत्रियों को एक साथ लाकर व्यापक चर्चा की जाएगी.

इजरायल आना मेरे लिए गर्व की बात: पीएम मोदी

प्रेस मीट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल सरकार और वहां की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि करीब नौ साल बाद फिर से इजरायल आना उनके लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने बताया कि उन्हें ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया है और यह सम्मान वे 140 करोड़ भारतीयों और भारत-इजरायल की मित्रता को समर्पित करते हैं.

रिश्तों को मिला ‘स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजरायल ने अपने संबंधों को “स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है. यह कदम दोनों देशों के बीच भरोसे और साझा भविष्य की दिशा को दर्शाता है. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश मिलकर फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को आकार देने की दिशा में काम करेंगे.

ये भी पढ़ें- Vayu Shakti 26: पहली बार एक्शन में S-400 डिफेंस सिस्टम, भारतीय वायुसेना ने वीडियो शेयर कर दिखाई ताकत