DSSSB Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए दिल्ली में भर्ती का शानदार मौका सामने आया है. दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने दिल्ली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और फैमिली कोर्ट के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 641 रिक्त पदों को भरा जाएगा. खास बात यह है कि पदों के अनुसार 10वीं पास से लेकर ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की आखिरी तारीख 4 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है.
किन पदों पर होगी भर्ती और क्या है योग्यता?
DSSSB की इस भर्ती में जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट, सीनियर पर्सनल असिस्टेंट, प्रोसेस सर्वर, चपरासी, अर्दली और डाक चपरासी समेत विभिन्न पद शामिल हैं. चपरासी, अर्दली, डाक चपरासी और प्रोसेस सर्वर पदों के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. वहीं प्रोसेस सर्वर पद के लिए निर्धारित ड्राइविंग लाइसेंस की शर्त भी लागू होगी. जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट और सीनियर पर्सनल असिस्टेंट के पदों के लिए ग्रेजुएशन के साथ कंप्यूटर टाइपिंग या शॉर्टहैंड में निर्धारित गति जरूरी होगी.
कितनी होनी चाहिए उम्र?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 27 वर्ष होनी चाहिए. हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पात्रता और आयु सीमा की शर्तों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में जरूर जांच लें.
आवेदन शुल्क और कैसे होगा चयन?
भर्ती के लिए सामान्य, OBC और EWS वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों के अलावा SC, ST, दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है. चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, डिस्क्रिप्टिव टेस्ट, पद के अनुसार स्किल टेस्ट और इंटरव्यू शामिल होंगे. यानी उम्मीदवारों को अलग-अलग चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम नियुक्ति के लिए चुना जाएगा.
6 अक्टूबर से शुरू होगा आवेदन
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से DSSSB की आधिकारिक वेबसाइट dsssbonline.nic.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करने की अंतिम तारीख 4 नवंबर 2026 रात 11 बजे तक निर्धारित है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आखिरी समय में वेबसाइट पर तकनीकी समस्या होने पर परेशानी से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें: अग्निवीर बनने का मौका! यूपी-उत्तराखंड के युवाओं की रुड़की में भर्ती रैली, जानें किस दिन किस जिले की बारी