Agniveer Recruitment Rally: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए सोमवार से रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली शुरू होगी. यह भर्ती रैली 12 अक्टूबर तक चलेगी. मध्य कमान प्रशासन ने रैली का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. लखनऊ के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 10 अक्टूबर को होगी.
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थी ही भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे. इसमें दौड़ और दूसरी शारीरिक परीक्षाएं होंगी. अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की रैली 5 अक्टूबर से रुड़की में शुरू होगी.
रैली स्थल पर अभ्यर्थियों के सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी. उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे. ऑनलाइन सत्यापन के लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर भी साथ रखना जरूरी है.
ये दस्तावेज लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र और 20 पासपोर्ट साइज की रंगीन फोटो लानी होगी. इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता, मूल निवास, जाति, स्कूल चरित्र, धर्म, चरित्र और अविवाहित होने से जुड़े प्रमाणपत्र भी जरूरी होंगे. एनसीसी और खेलकूद से जुड़े प्रमाणपत्र भी साथ लाने होंगे.
सभी मूल दस्तावेजों की फोटोकॉपी के तीन सेट भी लाना अनिवार्य है. रैली स्थल पर अभ्यर्थियों के शपथपत्र भी तैयार किए जाएंगे.
किस दिन किस जिले की रैली?
5 अक्टूबर: उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़. उत्तर प्रदेश के बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के अभ्यर्थी शामिल होंगे.
6 अक्टूबर: अमेठी, अंबेडकरनगर, अयोध्या, बस्ती, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और सुलतानपुर के अभ्यर्थियों की रैली होगी.
7 अक्टूबर: बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर जिलों की सभी तहसीलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे.
8 अक्टूबर: गौतमबुद्धनगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर, शामली, आगरा, एटा, झांसी, कासगंज और जालौन के अभ्यर्थियों की रैली होगी.
9 अक्टूबर: ललितपुर, अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी और मथुरा जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे.
10 अक्टूबर: लखनऊ के साथ औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, महोबा और उन्नाव के अभ्यर्थियों की रैली होगी.
11 अक्टूबर: उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अलावा उत्तर प्रदेश के बलिया, गोरखपुर और भदोही के अभ्यर्थी शामिल होंगे.
12 अक्टूबर: जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, सोनभद्र, आजमगढ़ और चंदौली जिलों के अभ्यर्थियों की रैली होगी.
ये भी पढ़ें- भारत की परमाणु मिसाइलों की पहुंच से दुनिया हैरान, नई रिपोर्ट ने पाकिस्तान-चीन की बढ़ाई चिंता!