Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म “धुरंधर 2” बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. रिलीज के दो महीने से ज्यादा समय बाद भी फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही. खास बात यह है कि नौ हफ्तों से ज्यादा समय गुजरने के बाद भी दर्शकों के बीच फिल्म का जबरदस्त क्रेज बना हुआ है और सिनेमाघरों में इसे शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है.
“धुरंधर” फ्रेंचाइजी ने पिछले छह महीनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े हैं. इतना ही नहीं, इस फिल्म ने कमाई के मामले में कई बड़ी साउथ फिल्मों के दबदबे को भी चुनौती दी है. पहले पार्ट की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब “धुरंधर 2” भी कमाई के मामले में नई ऊंचाइयों तक पहुंच चुकी है.
67वें दिन भी जारी रही शानदार कमाई
रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के 67वें दिन भी शानदार प्रदर्शन किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने 67वें दिन करीब 40 लाख रुपये का कारोबार किया. इतने लंबे समय तक थिएटर्स में टिके रहना और लगातार कमाई करना किसी भी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है.
अगर भारत में फिल्म के कुल कारोबार की बात करें तो इसका नेट कलेक्शन 1147.58 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका ग्रॉस कलेक्शन 1373.42 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
विदेशों में भी छाई ‘धुरंधर 2’
सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है. रिपोर्ट्स के अनुसार “धुरंधर 2” ने ओवरसीज मार्केट में 426.67 करोड़ रुपये का कारोबार किया है.
इसी के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1800.09 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यह उपलब्धि बेहद खास मानी जा रही है, क्योंकि अब तक “दंगल” के अलावा कोई दूसरी भारतीय फिल्म 1800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई थी.
पहले पार्ट ने भी किया था धमाकेदार प्रदर्शन
“धुरंधर” फ्रेंचाइजी का पहला भाग भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुआ था. फिल्म लगभग 104 दिनों तक सिनेमाघरों में चली थी और बाद में इसे दोबारा रिलीज भी किया गया था.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी पहली “धुरंधर” ने भारत में 1007.85 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. वहीं विदेशों में फिल्म ने 299.50 करोड़ रुपये कमाए थे. इस तरह पहले पार्ट का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1307.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था.
3100 करोड़ पार पहुंची फ्रेंचाइजी
अगर दोनों फिल्मों की कुल कमाई को जोड़ दिया जाए तो “धुरंधर” फ्रेंचाइजी अब 3100.44 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है. खास बात यह है कि “धुरंधर 2” अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है, ऐसे में आने वाले दिनों में इसकी कमाई में और इजाफा देखने को मिल सकता है.
इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी कमाई करने वाली यह भारत की सबसे सफल फिल्म फ्रेंचाइजियों में शामिल हो चुकी है.
ओटीटी पर भी मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
सिनेमाघरों के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी “धुरंधर” फ्रेंचाइजी को काफी पसंद किया जा रहा है. “धुरंधर 1” का अनकट वर्जन नेटफ्लिक्स और जियो प्लस हॉटस्टार पर रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.
वहीं “धुरंधर 2” के ओटीटी रिलीज का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. माना जा रहा है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज के बाद भी फिल्म नए रिकॉर्ड बना सकती है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन राशि वालों की लव लाइफ में होगी नए पार्टनर की एंट्री, जानें अपना आज का लव राशिफल