सोशल मीडिया और यूट्यूब की दुनिया में चर्चित नाम ध्रुव राठी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं, लेकिन इस बार वजह राजनीति नहीं बल्कि बॉलीवुड और इंटरनेट ट्रोलिंग से जुड़ा विवाद है. मामला उनके एक वीडियो के थंबनेल से शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी.
दरअसल, ध्रुव राठी ने अपने एक वीडियो, जिसका विषय ‘फेक ब्यूटी’ और कॉस्मेटिक प्रक्रियाओं पर आधारित था, उसके थंबनेल में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की ‘बिफोर और आफ्टर’ तस्वीरों का इस्तेमाल किया. इसके बाद सोशल मीडिया के एक वर्ग ने उन पर जानबूझकर अभिनेत्री को निशाना बनाने का आरोप लगाना शुरू कर दिया.
सोशल मीडिया पर क्यों भड़का विवाद?
आलोचकों का दावा था कि ध्रुव राठी ने यह थंबनेल जानबूझकर इसलिए चुना क्योंकि जाह्नवी कपूर ने हाल ही में बांग्लादेशी हिंदुओं के समर्थन में एक पोस्ट साझा किया था. कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक और वैचारिक हमला बताने की कोशिश की, जिसके बाद ध्रुव राठी को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया.
जैसे-जैसे विवाद बढ़ा, वैसे-वैसे इस मुद्दे पर तरह-तरह के पोस्ट वायरल होने लगे. इन्हीं पोस्ट्स में से एक को ध्रुव राठी ने अपने स्पष्टीकरण वीडियो में सीधे तौर पर पढ़कर जवाब दिया.
“भगवान ने दिमाग दिया है, उसका इस्तेमाल करें”
अपने जवाबी वीडियो की शुरुआत करते हुए ध्रुव राठी ने उस वायरल पोस्ट का जिक्र किया, जिसमें लिखा गया था कि जाह्नवी कपूर ने बांग्लादेशी हिंदुओं के समर्थन में पोस्ट किया और इसके तुरंत बाद ध्रुव राठी ने उनकी सुंदरता पर सवाल उठाने वाला वीडियो बना दिया.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ध्रुव ने कहा कि लोगों को बिना सोचे-समझे किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट पर यकीन नहीं करना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लोग किसी आईटी सेल या सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए फैलाए गए दावों पर आंख मूंदकर भरोसा कर लेते हैं.
उन्होंने टाइमिंग को लेकर भी तर्क दिया और कहा कि जिस दिन जाह्नवी कपूर की पोस्ट आई, उसी दिन उनका वीडियो अपलोड हुआ था. ऐसे में यह व्यावहारिक रूप से संभव ही नहीं है कि आधे घंटे के भीतर स्क्रिप्ट लिखकर, शूटिंग और एडिटिंग करके वीडियो तैयार कर दिया जाए.
“न किसी से डरता हूं, न दबाव में आता हूं”
ध्रुव राठी ने अपने बयान में ट्रोलर्स को सीधे तौर पर जवाब देते हुए कहा कि वह किसी से डरकर काम नहीं करते. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद बांग्लादेशी हिंदुओं से जुड़े मुद्दे पर सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाया है, इसलिए उस विषय को लेकर किसी अभिनेत्री को निशाना बनाने का सवाल ही नहीं उठता.
उन्होंने यह भी कहा कि वह परोक्ष रूप से किसी पर टिप्पणी करने में विश्वास नहीं रखते. उनके अनुसार, अगर उन्हें किसी मुद्दे पर कुछ कहना होता है, तो वे सीधे और साफ शब्दों में कहते हैं. इसी क्रम में उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें न तो किसी के नाम से डर लगता है और न ही किसी बॉलीवुड सेलिब्रिटी से.
जाह्नवी कपूर की तस्वीर क्यों थी थंबनेल में?
अपने स्पष्टीकरण में ध्रुव राठी ने यह भी साफ किया कि उनके वीडियो का मकसद किसी अभिनेत्री या व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं था. वीडियो का मुख्य विषय प्लास्टिक सर्जरी, कॉस्मेटिक प्रक्रियाओं और समाज में बन रही अवास्तविक सुंदरता की धारणाओं पर चर्चा करना था.
उन्होंने बताया कि पूरे वीडियो में उन्होंने कहीं भी जाह्नवी कपूर से सीधे कोई सवाल नहीं किया और न ही उनकी आलोचना की. थंबनेल में उनकी तस्वीर का इस्तेमाल इसलिए किया गया क्योंकि वह उन गिनी-चुनी बॉलीवुड अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया है कि उन्होंने कॉस्मेटिक प्रक्रियाएं करवाई हैं.
ये भी पढ़ें- हर बार की तरह इस बार भी... पाकिस्तान की फिर हुई बेइज्जती, एयरपोर्ट से ही वापस लौट गए UAE के राष्ट्रपति!