89 साल के धर्मेंद्र अस्पताल में हुए भर्ती, फैन्स को हुई चिंता; टीम ने बताया हाल

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र एक बार फिर सुर्खियों में हैं. 90वें जन्मदिन से ठीक पहले उनके मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने फैन्स को बेचैन कर दिया है. सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.

Dharmendra admitted in hospital at 89 year old
Image Source: Social Media

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र एक बार फिर सुर्खियों में हैं. 90वें जन्मदिन से ठीक पहले उनके मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने फैन्स को बेचैन कर दिया है. सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. लेकिन सच्चाई यह है कि धर्मेंद्र बिल्कुल ठीक हैं और यह अस्पताल में भर्ती होना सिर्फ एक रूटीन चेकअप का हिस्सा है.

जैसे ही यह खबर सामने आई कि धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती हुए हैं, सोशल मीडिया पर हलचल मच गई. ट्विटर और इंस्टाग्राम पर उनके चाहने वालों ने चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.हालांकि, परिवार के नज़दीकी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि धर्मेंद्र पूरी तरह स्वस्थ हैं और किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त नहीं हैं.सूत्रों ने बताया कि उम्र के इस पड़ाव में धर्मेंद्र अपने स्वास्थ्य को लेकर बहुत सजग हैं और नियमित रूप से मेडिकल चेकअप करवाते रहते हैं.

टीम धर्मेंद्र का बयान – “कुछ भी सीरियस नहीं”

अभिनेता की टीम ने मीडिया में फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि धर्मेंद्र की हालत स्थिर और सामान्य है. टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया  कि धर्मेंद्र जी सिर्फ अपने रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल गए हैं. उम्र के साथ यह आवश्यक हो जाता है कि समय-समय पर डॉक्टरों से पूरा परीक्षण करवाया जाए. उन्होंने खुद इच्छा जताई थी कि सबकुछ ठीक है या नहीं, इसका परीक्षण करवा लें. किसी को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. टीम ने यह भी बताया कि किसी ने उन्हें अस्पताल में देखकर खबर बना दी, लेकिन स्थिति बिल्कुल सामान्य और नियंत्रण में है.

कुछ हफ्ते पहले भी करवाया था हेल्थ चेकअप

यह पहली बार नहीं है जब धर्मेंद्र अस्पताल में नज़र आए हों. कुछ हफ्ते पहले भी उन्हें एक दिन के लिए एडमिट किया गया था, तब भी कारण वही था — रूटीन चेकअप.करीबी लोगों के मुताबिक, धर्मेंद्र अपने खानपान और फिटनेस को लेकर बेहद अनुशासित हैं. वह नियमित रूप से एक्सरसाइज, योग और वॉक करते हैं. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी सेहत उम्र के हिसाब से बेहतरीन स्थिति में है.

सनी और बॉबी देओल रख रहे हैं पिता का पूरा ख्याल

धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल और बॉबी देओल इन दिनों अपनी फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन दोनों लगातार अपने पिता से संपर्क में हैं.परिवार के एक सदस्य ने बताया, “सनी और बॉबी पापा की तबियत को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं. उनका हर अपडेट लिया जा रहा है. धर्मेंद्र जी हमेशा की तरह खुशमिजाज हैं और किसी तरह की परेशानी में नहीं हैं.”

‘रॉकी रानी की प्रेम कहानी’ से किया था शानदार कमबैक

धर्मेंद्र ने हाल ही में करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी रानी की प्रेम कहानी’ के ज़रिए बड़े पर्दे पर शानदार वापसी की थी.फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा, खासकर उनका भावनात्मक किरदार और रणवीर सिंह-आलिया भट्ट के साथ उनकी केमिस्ट्री चर्चा का विषय बनी.इतना ही नहीं, फिल्म में उन्होंने एक रोमांटिक सीन भी किया, जिसे देखकर फैन्स ने सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की.इस फिल्म ने यह साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है और धर्मेंद्र आज भी स्क्रीन पर वही करिश्मा बिखेरने की क्षमता रखते हैं.

अब ‘इक्कीस’ में दिखेंगे धर्मेंद्र

वर्कफ्रंट की बात करें तो धर्मेंद्र इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ को लेकर चर्चा में हैं.फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ हुआ है और दर्शकों ने इसे खूब सराहा है.धर्मेंद्र इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं और मानते हैं कि यह प्रोजेक्ट उनके लंबे करियर की एक नई यादगार कड़ी साबित होगा.

सोशल मीडिया पर एक्टिव और जीवन से भरपूर

धर्मेंद्र न सिर्फ एक सिनेमाई आइकॉन हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी बेहद सक्रिय और जुड़ाव रखने वाले कलाकार हैं.वह अक्सर अपने फार्महाउस से वीडियो साझा करते हैं, जहां वे खुद सब्ज़ियां उगाते हैं, पौधों की देखभाल करते हैं और फिटनेस टिप्स देते हैं.उनकी पोस्ट्स में जीवन के प्रति सकारात्मकता, सादगी और आत्मअनुशासन झलकता है.धर्मेंद्र का यह स्वभाव ही है जो उन्हें हर पीढ़ी का पसंदीदा स्टार बनाए रखता है.

यह भी पढ़ें: Lokah Chapter 1 चंद्रा’ ने मचाया ओटीटी पर तहलका, लोगों ने कहा- थिएटर की छत ही उड़ गई थी