CM Yogi In Rampur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर में विभिन्न लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अयोध्या और अन्य धार्मिक स्थलों को लेकर झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं. बिना किसी घटना का नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को इस बात से परेशानी है कि अयोध्या, काशी और अन्य तीर्थस्थलों का तेजी से विकास हुआ है.
'राम की भक्ति हर कालनेमी का जवाब देती है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम की भक्ति में इतनी शक्ति है कि वह हर तरह की नकारात्मक सोच और षड्यंत्र का सामना कर सकती है. उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हनुमान जी ने कालनेमी की चाल को विफल किया था, वैसे ही सत्य और आस्था हमेशा जीतते हैं.
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले कांग्रेस भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती थी, लेकिन अब वही लोग कह रहे हैं कि राम सबके हैं और अयोध्या जाने की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भगवान राम सबको जानते हैं और सही-गलत का निर्णय भी वही करते हैं.
उत्तर प्रदेश, जो कांग्रेस और सपा के पाप के कारण कभी बीमारू था, आज वह भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर Top 3 Economy के रूप में स्वयं को स्थापित कर रहा है... pic.twitter.com/lfsQSb76eH
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 30, 2026
अयोध्या, काशी और प्रयागराज के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को इस बात से चिढ़ है कि अयोध्या आज पहले से कहीं अधिक सुंदर बन गई है, काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप सामने आया है और प्रयागराज महाकुंभ के जरिए दुनिया भर का ध्यान आकर्षित कर रहा है. उन्होंने मथुरा-वृंदावन समेत अन्य धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि जब विकास को रोक नहीं पाए तो अब झूठ फैलाने का सहारा लिया जा रहा है.
'तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण हमारी नीति'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती, बल्कि आम लोगों के संतुष्टीकरण और विकास पर विश्वास करती है. उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार प्राप्त कर राज्य के विकास में योगदान दे रहा है.
यूपी को बताया देश की ग्रोथ इंजन अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पहले रामपुर के चाकू का गलत इस्तेमाल होता था और लोगों की जमीनों पर कब्जे किए जाते थे, जबकि अब वही पहचान सुरक्षा और रोजगार से जुड़ रही है. उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य माना जाता था, वह आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है और भारत की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
ये भी पढ़ें- भारतीय सेना में शामिल होगी 'बाज बटालियन', चीन-पाक सीमा पर होगी 24 घंटे निगरानी, ड्रोन वॉर की तैयारी पूरी