दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों को प्रदूषण से जुड़ी पाबंदियों में राहत मिली है. एयर क्वालिटी में सुधार के बाद कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने GRAP-3 की पाबंदियां हटाने का फैसला किया है. मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 204 दर्ज किया गया. AQI में लगातार गिरावट के ट्रेंड को देखते हुए GRAP सब-कमेटी ने यह निर्णय लिया. हालांकि, राहत का मतलब यह नहीं है कि प्रदूषण से जुड़े सभी प्रतिबंध खत्म हो गए हैं. दिल्ली-NCR में GRAP-1 और GRAP-2 के तहत लागू पाबंदियां पहले की तरह जारी रहेंगी.
पहले क्यों लागू किया गया था GRAP-3?
दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद CAQM की GRAP सब-कमेटी ने एहतियात के तौर पर ग्रैप का तीसरा चरण लागू किया था. इसका मकसद प्रदूषण को और गंभीर होने से रोकना और हवा की गुणवत्ता में सुधार करना था. इसके तहत वाहनों, निर्माण कार्यों और दूसरी प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं.
किन वाहनों पर लगी थी रोक?
GRAP-3 के दौरान BS-III या इससे पुराने पेट्रोल वाहनों और BS-IV या इससे पुराने डीजल वाहनों के दिल्ली में चलने पर प्रतिबंध लगाया गया था. यह नियम दिल्ली के बाहर से आने वाले इन वाहनों पर भी लागू था. इसके अलावा डीजल से चलने वाले भारी वाहनों और हल्के कमर्शियल वाहनों को भी प्रतिबंधों के दायरे में रखा गया था.
निर्माण कार्यों और स्कूलों पर भी असर
GRAP-3 के तहत धूल फैलाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के कामों पर रोक लगाई गई थी. स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए थे. दिल्ली-NCR में पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में चलाने के लिए कहा गया था. यह व्यवस्था नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में भी लागू थी.