Governance Through Whatsapp: दिल्ली सरकार ने अपनी नई पहल “Governance Through WhatsApp” के जरिए आम नागरिकों की ज़िंदगी को और सरल बनाने का बड़ा फैसला लिया है. अब आपको सरकारी दफ्तरों में लंबी कतारों में खड़े होने या अलग-अलग वेबसाइट्स की झंझट झेलने की जरूरत नहीं होगी. सिर्फ एक व्हाट्सएप मैसेज से ही आप कई सरकारी सेवाओं का लाभ अपने घर बैठे उठा सकते हैं.
व्हाट्सएप चैटबॉट से आसान होगा सरकारी काम
इस योजना के तहत सरकार एक खास व्हाट्सएप नंबर जारी करेगी, जिसे सेव करके आप ‘Hi’ मैसेज भेजकर अपनी सेवा शुरू कर सकेंगे. AI-चालित चैटबॉट आपको सेवाओं की सूची दिखाएगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने में मदद करेगा और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी देगा. इसके अलावा, आप अपने आवेदन की स्थिति को भी रीयल टाइम में ट्रैक कर पाएंगे.
कौन-कौन सी सेवाएं होंगी उपलब्ध?
पहले चरण में दिल्ली सरकार जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाएं व्हाट्सएप पर उपलब्ध होंगी. बाद में इस सेवा को और विभागीय पोर्टलों से जोड़ा जाएगा, जिससे करीब 50 सरकारी सेवाएं इस प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह उपलब्ध हो जाएंगी.
सुरक्षा और गोपनीयता पर विशेष ध्यान
सरकार ने इस डिजिटल सेवा में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. सभी दस्तावेज़ एन्क्रिप्टेड रहेंगे और AI एवं OCR तकनीक से तेजी से वेरिफिकेशन होगा. पेमेंट्स के लिए UPI, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग सहित सुरक्षित विकल्प होंगे. हर लेन-देन की रसीद अपने आप जनरेट होगी, जिससे पारदर्शिता भी बनी रहेगी.
ऑप्ट-इन अभियान से आप भी जुड़ें
दिल्ली सरकार हर विभाग को अलग-अलग व्हाट्सएप बिजनेस नंबर प्रदान करेगी. इसके ज़रिए नागरिक विभागों से सीधे संवाद कर सकेंगे, योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और जरूरी दस्तावेज़ भेज सकेंगे. ऑप्ट-इन अभियान के तहत मिस्ड कॉल, मैसेज, ईमेल और QR कोड के माध्यम से लोग खुद इस सेवा से जुड़ सकेंगे.
ये भी पढ़ें: इस साल दिल्ली की दीवाली होगी धमाकेदार! कोर्ट की टिप्पणी ने बढ़ाई उम्मीद, हट सकता है पटाखों से बैन