Delhi Traffic Advisory: छठ पूजा पर 15-16 नवंबर को इन रास्तों पर जाने से बचें, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Delhi Traffic Advisory: छठ पूजा के संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और शाहदरा के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों और पार्किंग स्थलों की जानकारी देते हुए लोगों से प्रतिबंधित मार्गों से बचने की अपील की है.

delhi-chhath-puja-traffic-advisory-routes-diversions-parking-november
Image Source: Social Media

Delhi Chhath Puja Traffic Advisory: दिल्ली में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं. 15 और 16 नवंबर को यमुना घाटों और शहर के अलग-अलग छठ घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और शाहदरा के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे. ऐसे में घर से निकलने से पहले लोगों को ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लेनी चाहिए.

इन प्रमुख रास्तों पर जाने से बचें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से छठ घाटों के आसपास के व्यस्त रास्तों का इस्तेमाल न करने की अपील की है. एडवाइजरी के मुताबिक, शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और वापस पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स और शांतिवन से श्मशान घाट तक के रास्ते पर जाने से बचना चाहिए. इन मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और पूजा से जुड़ी गतिविधियों के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है.

उत्तर, मध्य और नई दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते

उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं, सोनिया विहार चौहान पट्टी जाने के लिए नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होते हुए वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके.

यहां कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग

छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इनमें डीएनडी के पास यमुना खादर, वेस्ट विनोद नगर, खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास, नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, पीपल्स ग्राउंड और पुराने लोहे के पुल के आसपास के निर्धारित स्थान शामिल हैं. इसके अलावा नंद नगरी, मंडोली टीला और पुस्ता रोड पर भी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. पुलिस ने लोगों से सड़क किनारे या प्रतिबंधित जगहों पर वाहन खड़े न करने की अपील की है.

15 नवंबर को संध्या अर्घ्य 

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से हो चुकी है. 14 नवंबर को खरना मनाया जा रहा है. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा करते हैं और गुड़ की खीर व रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है. 15 नवंबर को तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा.

ट्रैफिक पुलिस की लोगों से खास अपील

छठ पूजा के दोनों प्रमुख दिनों में घाटों के आसपास भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने की आशंका है. इसी वजह से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को प्रतिबंधित रास्तों से बचने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सलाह दी है. अगर किसी को इन इलाकों से होकर गुजरना है, तो वह अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, ताकि ट्रैफिक जाम में फंसने से बच सकें.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में छठ पूजा के लिए खास ट्रैफिक इंतजाम, कई रास्तों पर डायवर्जन, निकलने से पहले देख लें नए रूट