दिल्ली में छठ पूजा के लिए खास ट्रैफिक इंतजाम, कई रास्तों पर डायवर्जन, निकलने से पहले देख लें नए रूट

दिल्ली में छठ पूजा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने खास एडवाइजरी जारी की है. 15 और 16 नवंबर को यमुना घाटों और दूसरे छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

traffic arrangements in Delhi for Chhath Puja diversions in place on several routes
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

दिल्ली में छठ पूजा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने खास एडवाइजरी जारी की है. 15 और 16 नवंबर को यमुना घाटों और दूसरे छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और शाहदरा के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.

इन दो दिनों में कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को घाटों के आसपास जाने वाले रास्तों से बचने और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

पुलिस के मुताबिक, शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और वापस पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स और शांतिवन से श्मशान घाट तक के रास्तों पर जाने से बचना चाहिए. इन इलाकों में छठ पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना है.

इन रास्तों का कर सकते हैं इस्तेमाल

उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले लोग दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं, सोनिया विहार और चौहान पट्टी जाने वाले लोगों के लिए नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होते हुए जाने का विकल्प दिया गया है.

यहां कर सकेंगे गाड़ियों की पार्किंग

छठ पूजा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इनमें डीएनडी के पास यमुना खादर, वेस्ट विनोद नगर, खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास, नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, पीपल्स ग्राउंड और पुराने लोहे के पुल के आसपास के इलाके शामिल हैं.

इसके अलावा नंद नगरी, मंडोली टीला और पुस्ता रोड पर भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे या प्रतिबंधित जगहों पर अपनी गाड़ियां पार्क न करें. इससे ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है.

15 नवंबर को संध्या अर्घ्य, 16 को उगते सूर्य को अर्घ्य

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से हो चुकी है. 14 नवंबर को खरना मनाया जा रहा है. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को छठी मैया तथा सूर्यदेव की पूजा करते हैं. इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है. इसी के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है.

15 नवंबर को छठ पूजा का तीसरा दिन है. इस दिन व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे. वहीं, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा.

इसी वजह से दिल्ली में दोनों दिन घाटों के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है. लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.