Delhi Building Collapse: दिल्ली हादसे के बाद MCD का एक्शन, सील होंगी चार मंजिल से ऊंची अवैध इमारतें

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) हरकत में आ गया है.

Delhi Building Collapse MCD Illegal buildings taller than four storeys will be sealed
Image Source: ANI

Delhi Building Collapse: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) हरकत में आ गया है. एमसीडी ने चार मंजिल से ऊंची सभी अवैध इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश दिया है. दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि अवैध इमारतों को बनने देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

मेयर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जांच में जो भी अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें नौकरी से हटाने तक की कार्रवाई की जा सकती है. उन्होंने साफ कहा कि सत्य निकेतन इमारत हादसे के जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा. मेयर के मुताबिक, इन आदेशों को तुरंत लागू किया जाएगा.

हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत

सत्य निकेतन के पास इमारत गिरने की घटना रविवार को हुई थी. दिल्ली अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे हादसे की सूचना मिली. इसके बाद बचाव और आपातकालीन टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.

पुलिस के मुताबिक, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. दिल्ली पुलिस ने मामले में कथित इमारत मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है.

एमसीडी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन

हादसे के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने भी एमसीडी के खिलाफ प्रदर्शन किया. सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.

एबीवीपी ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया. संगठन का कहना है कि छात्रों की अधिक संख्या वाले इलाकों में पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों में सुरक्षा नियमों का ठीक से पालन नहीं हो रहा है. प्रदर्शनकारी एमसीडी परिसर में पहुंच गए और छात्रों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए धरना दिया.