देहरादून हिंसा के बाद बड़ा एक्शन, आरोपियों की संपत्तियों पर चला बुलडोजर, सीएम धामी कर रहे मॉनिटरिंग

सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में युवक विनोद की हत्या के बाद उत्तराखंड प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.

Dehradun violence bulldozers raze the properties of the accused CM Dhami
Image Source: Social Media

देहरादून: सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में युवक विनोद की हत्या के बाद उत्तराखंड प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रशासन ने आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों और कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर अभियान चलाया.

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित संपत्तियों के अवैध हिस्सों को हटाने की कार्रवाई की गई. इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.

मुख्यमंत्री स्तर पर निगरानी

स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे मामले की नियमित समीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

पुराने विवाद के बाद हुई थी हिंसक घटना

जानकारी के मुताबिक, बैरागीवाला गांव में सरकारी ट्यूबवेल से सिंचाई के लिए पानी लेने और सेटरिंग सामग्री के किराये को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि हमले के दौरान विनोद नामक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए.

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था और कुछ स्थानों पर पथराव तथा आगजनी की घटनाएं भी सामने आई थीं.

कई लोगों पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. इस केस में तीन नामजद आरोपियों समेत 25 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है. फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है.

ये भी पढ़ें- भारत ने अमेरिकी प्रतिबंधों को दिखाया ठेंगा! बना रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार, आयात में 21% उछाल