Dehradun News: उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र से सामने आई एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर वैवाहिक जीवन में मानसिक प्रताड़ना और घरेलू तनाव जैसे गंभीर मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. शादी के महज आठ महीने बाद सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में उन्होंने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा कि अब वह और मानसिक पीड़ा सहन नहीं कर सकतीं. इस घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नवंबर 2025 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो सचिवालय सेवा में कार्यरत हैं. सृष्टि स्वयं पौड़ी के श्रीकोट क्षेत्र में सरकारी शिक्षिका थीं. शुरुआती समय के बाद दोनों के वैवाहिक संबंधों में तनाव बढ़ने की बातें सामने आने लगीं. परिजनों का दावा है कि शादी के बाद से ही सृष्टि को लगातार मानसिक दबाव और अपमान का सामना करना पड़ रहा था, जिससे वह गहरे तनाव में रहने लगी थीं.
मौत से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो
परिजनों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले सृष्टि ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा कि वह अब और सहन नहीं कर सकतीं. वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने ससुराल वालों की सोच नहीं बदल सकीं. इस वीडियो को अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है. पुलिस फॉरेंसिक जांच के साथ वीडियो की भी पड़ताल कर रही है ताकि घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके.
परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां सीमा कंडारी ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को शादी के बाद लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. उनका कहना है कि दहेज सहित अन्य बातों को लेकर उसे परेशान किया जाता था और परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था. आरोप है कि सृष्टि को 'मनहूस' कहकर अपमानित किया जाता था. वहीं ससुर के हार्ट अटैक और बाद में निधन के बाद उस पर मानसिक दबाव और बढ़ गया, जिससे उसकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई.
पति समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
परिवार का आरोप है कि 28 और 29 जुलाई को सृष्टि से संपर्क नहीं होने पर उन्होंने परिचित के जरिए जानकारी लेने की कोशिश की. बाद में पता चला कि उसे अस्पताल ले जाया गया है और देहरादून पहुंचने पर उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली. परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष ने समय रहते उन्हें घटना की सूचना नहीं दी. उनकी शिकायत के आधार पर डोईवाला पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
वीडियो और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच
डोईवाला की सीओ वंदना ने बताया कि पुलिस इस मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, मृतका द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो और अन्य उपलब्ध सबूतों की बारीकी से जांच की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: जामनगर में खौफनाक 'दृश्यम' मर्डर केस! पत्नी ने पति को मारा, 10 फीट नीचे दफनाई लाश, 2 साल तक बोलती रही झूठ