MS Dhoni: क्या आज IPL करियर का आखिरी मैच खेलेंगे धोनी? शेयर हो रहा 5 साल पुराना बयान! देखें Video

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला मुकाबला इस समय सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस के लिए भावनाओं से जुड़ा पल बन चुका है.

CSK vs SRH Will MS Dhoni play the last match of his IPL career today
Image Source: ANI

MS Dhoni: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला मुकाबला इस समय सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस के लिए भावनाओं से जुड़ा पल बन चुका है. इसकी सबसे बड़ी वजह हैं महेंद्र सिंह धोनी, जिनके आईपीएल भविष्य को लेकर चर्चाएं लगातार तेज होती जा रही हैं.

18 मई को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाला चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबला इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स का अपने घरेलू मैदान पर आखिरी मैच है. ऐसे में हर किसी के मन में एक ही सवाल है- क्या यह मुकाबला धोनी के आईपीएल करियर का भी आखिरी मैच साबित होगा?

हालांकि अभी तक ना तो धोनी और ना ही चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से किसी तरह की आधिकारिक घोषणा की गई है, लेकिन हाल के दिनों में सामने आई कई बातें उनके संन्यास की अटकलों को और मजबूत कर रही हैं.

2021 में कही बात फिर बनी चर्चा का विषय

धोनी के संन्यास की चर्चा की शुरुआत साल 2021 में दिए गए उनके एक बयान से हो रही है. उस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के एक कार्यक्रम में उन्होंने अपने क्रिकेट भविष्य को लेकर खुलकर बात की थी.

धोनी ने कहा था कि वह हमेशा एक योजना के तहत क्रिकेट खेलते हैं. उन्होंने याद दिलाया था कि अपना आखिरी वनडे इंटरनेशनल मुकाबला उन्होंने अपने घरेलू मैदान रांची में खेला था. उसी दौरान उन्होंने इच्छा जताई थी कि जब भी वह टी20 क्रिकेट को अलविदा कहें, तो उनका आखिरी मैच चेन्नई में हो.

उन्होंने यह भी कहा था कि यह फैसला अगले एक साल में होगा या फिर पांच साल बाद, उन्हें खुद भी नहीं पता. अब उस बयान को पूरे पांच साल हो चुके हैं और संयोग से चेन्नई सुपर किंग्स का आखिरी घरेलू मुकाबला भी चेन्नई में ही खेला जा रहा है. यही वजह है कि फैंस इस मैच को बेहद खास मान रहे हैं.

चेपॉक में अभ्यास करते दिखे धोनी

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले धोनी चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जमकर अभ्यास करते नजर आए. उन्होंने बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग की भी तैयारी की.

धोनी की हर गतिविधि पर फैंस की नजरें टिकी हुई हैं. सोशल मीडिया पर लगातार उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं. कई फैंस इसे चेन्नई की पीली जर्सी में उनकी आखिरी तैयारी मान रहे हैं.

मोहम्मद कैफ ने भी जताई थी संभावना

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी धोनी के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया था. आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें लगता है कि यह सीजन धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है.

कैफ ने खास तौर पर 18 मई को चेन्नई में होने वाले मुकाबले का जिक्र करते हुए कहा था कि संभव है धोनी अपने घरेलू मैदान पर फैंस के सामने आखिरी मैच खेलकर आईपीएल से विदाई लें. उनके इस बयान के बाद से संन्यास की चर्चाएं और तेज हो गई थीं.

सुरेश रैना के चेन्नई पहुंचने की खबर

चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबले से पहले एक और खबर ने फैंस को भावुक कर दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी के करीबी दोस्त और पूर्व चेन्नई सुपर किंग्स स्टार सुरेश रैना भी चेन्नई पहुंच सकते हैं.

रैना और धोनी की दोस्ती क्रिकेट जगत में हमेशा चर्चा का विषय रही है. दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक लंबे समय तक साथ खेला है. ऐसे में रैना के चेन्नई पहुंचने की खबरों ने यह अटकलें और बढ़ा दी हैं कि शायद चेपॉक में कोई बड़ा और भावुक पल देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: रिश्तों में बढ़ेगा तनाव या मिलेगा प्यार, कैसी रहेगी रोमांटिक लाइफ? जानें आज का लव राशिफल