IND vs SL: जीत की दहलीज पर था भारत, सोनल दिनुषा ने पलट दी पूरी बाजी... कोलंबो टेस्ट ड्रॉ

IND vs SL 2nd Test: कोलंबो टेस्ट का नतीजा भारतीय टीम की उम्मीदों के बिल्कुल उलट रहा. चौथे दिन तक जिस मुकाबले में भारत की जीत लगभग तय मानी जा रही थी, पांचवें दिन श्रीलंका ने ऐसा पलटवार किया कि मैच ड्रॉ पर खत्म हो गया.

colombo-test-draw-india-misses-win-sri-lanka-comeback
Image Source: ANI

IND vs SL 2nd Test: कोलंबो टेस्ट का नतीजा भारतीय टीम की उम्मीदों के बिल्कुल उलट रहा. चौथे दिन तक जिस मुकाबले में भारत की जीत लगभग तय मानी जा रही थी, पांचवें दिन श्रीलंका ने ऐसा पलटवार किया कि मैच ड्रॉ पर खत्म हो गया. श्रीलंका ने दूसरी पारी 429/9 के स्कोर पर घोषित की और इसके साथ ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मुकाबले का अंत किया. हालांकि भारत ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली, लेकिन यह टेस्ट उसके हाथ से निकली जीत के तौर पर याद किया जाएगा.

दिनुषा ने दोनों पारियों में जड़ा शतक

श्रीलंका की वापसी के सबसे बड़े नायक सोनल दिनुषा रहे, जिन्होंने दोनों पारियों में शतक लगाकर भारतीय गेंदबाजों की सारी रणनीति ध्वस्त कर दी. पहली पारी में नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 103 रन बनाए. इसके बाद दूसरी पारी में छठे नंबर पर उतरे दिनुषा ने नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. उनकी बल्लेबाजी ने श्रीलंका को हार के मुंह से बाहर निकाल दिया.

भारत ने खड़ा किया था 503 रन का विशाल स्कोर

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 503 रन बनाकर पारी घोषित की थी. देवदत्त पडिक्कल ने 12 चौकों की मदद से 117 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए. ऋषभ पंत ने 63 और कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन का योगदान दिया. श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने चार विकेट झटके. जवाब में श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 290 रन पर सिमट गई और 213 रन से पिछड़ गई.

फॉलोऑन का दांव भारत पर पड़ा भारी

श्रीलंका के 290 रन पर आउट होने के बाद शुभमन गिल ने फॉलोऑन देने का फैसला किया. उस समय भारतीय टीम के पास मुकाबले पर पूरी पकड़ नजर आ रही थी, लेकिन दूसरी पारी में श्रीलंका ने पूरी कहानी बदल दी. दिनुषा के अलावा पसिंदु सूरियाबंदारा ने 92, कामिंदु मेंडिस ने 55 और केशरा नुवानथा ने 46 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. भारतीय गेंदबाजों के लिए श्रीलंकाई बल्लेबाजों को समेटना लगातार मुश्किल होता गया.

पांचवें दिन 200 रन जोड़कर बदली तस्वीर

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 6 विकेट पर 229 रन बना लिए थे और उसकी बढ़त महज 16 रन थी. ऐसे में उम्मीद थी कि भारत पांचवें दिन जल्दी से पारी समेटकर मामूली लक्ष्य हासिल कर लेगा. लेकिन श्रीलंका ने आखिरी दिन 200 रन जोड़ दिए और इस दौरान केवल तीन विकेट गंवाए. छह विकेट गिरने के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने करीब 90 ओवर तक मोर्चा संभाले रखा और भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाया.

भारत ने जीता हुआ मैच गंवाया

श्रीलंका की दूसरी पारी 429/9 पर घोषित होने के साथ मुकाबला ड्रॉ हो गया. भारत की ओर से मानव सुथार और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए, लेकिन आखिरी दिन वे श्रीलंकाई बल्लेबाजों की दीवार नहीं तोड़ सके. एक समय जीत की दहलीज पर खड़ी टीम इंडिया को अंततः ड्रॉ से संतोष करना पड़ा. फिर भी पहले टेस्ट में मिली 165 रन की जीत के दम पर भारत ने दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली.

ये भी पढ़ें: टीम इंडिया में होगी 'दिग्गजों के बेटों' की एंट्री, आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ U-19 स्क्वाड में शामिल