राम मंदिर चंदा चोरी केस पर CM योगी का बड़ा बयान; बोले- 'आस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी माफी'

Yogi Adityanath: राम मंदिर चढ़ावा मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त संदेश दिया है. उनका कहना है कि जो लोग जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ करेंगे, उनके साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी.

CM Yogi major statement on the Ram Mandir donation theft case
Image Source: ANI

Ram Mandir: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

SIT रिपोर्ट के बाद तेज हुई कार्रवाई

शुक्रवार को देवरिया दौरे के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जैसे ही उन्हें अयोध्या में वित्तीय अनियमितताओं की जानकारी मिली, तत्काल विशेष जांच दल (SIT) के गठन का निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्रशासन ने बिना देरी किए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करना है ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषी कानून के शिकंजे से बच न सकें.

अयोध्या की गरिमा बनाए रखने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था और सनातन संस्कृति का केंद्र है. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस पवित्र नगरी पर बिना तथ्यों के आरोप लगाने से बचें. मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 19 जून को अयोध्या प्रवास के दौरान भी उन्होंने लोगों से मर्यादा बनाए रखने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की बात कही थी. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की नगरी को विवादों में घसीटना उचित नहीं है और इस विषय पर जिम्मेदारी के साथ बयान दिए जाने चाहिए.

आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी छूट- CM योगी 

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार किसी भी व्यक्ति को धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं देगी. उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. योगी ने कहा कि जनता को भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि सरकार पूरे मामले में "दूध का दूध और पानी का पानी" करने के लिए प्रतिबद्ध है.

विपक्ष पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अब धार्मिक आस्था की बात कर रहे हैं, जबकि पहले वे भगवान श्रीराम के अस्तित्व और राम जन्मभूमि आंदोलन पर सवाल उठाते रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया और अदालतों में इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी, वे आज आस्था की बात कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में धार्मिक आयोजनों और त्योहारों को लेकर भी ऐसे दलों का रवैया सकारात्मक नहीं रहा.

ये भी पढ़ें- झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-ट्रक की जोरदार भिड़ंत; 7 की मौत, एक घायल