बिहार की 25 लाख महिलाओं के खाते में आए 10-10 हजार रुपये, CM नीतीश कुमार ने किए ट्रांसफर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दूसरी किस्त के तहत 25 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में पहुंचाई. इससे अब तक कुल 1 करोड़ महिलाओं के खाते में 10 हजार करोड़ रुपये का ट्रांसफर हो चुका है.

CM Nitish Kumar transferred ₹10,000 each to 25 lakh women
Image Source: Social Media

पटना: बिहार सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की है. इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें. 26 सितंबर 2025 को इस योजना का शुभारंभ किया गया था, जिसमें पहले चरण में 75 लाख महिला लाभुकों के खाते में 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 7500 करोड़ रुपए सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए थे.

आज हुई दूसरी किस्त का वितरण

आज आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दूसरी किस्त के तहत 25 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में पहुंचाई. इससे अब तक कुल 1 करोड़ महिलाओं के खाते में 10 हजार करोड़ रुपये का ट्रांसफर हो चुका है. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि योजना का लाभ राज्य के हर परिवार की एक महिला तक पहुंचाना है.

अगली किश्त की तारीख भी तय

नीतीश कुमार ने यह भी घोषणा की कि योजना के तहत शेष महिलाएं भी जल्द ही सहायता राशि प्राप्त करेंगी. अगली किस्त की तारीख 6 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है, जिससे योजना में शामिल सभी महिलाओं को आर्थिक मदद मिल सके.

स्वरोजगार के लिए उपलब्ध 18 विकल्प

यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित करती है. इस योजना के तहत महिलाएं निम्नलिखित 18 तरह के व्यवसाय शुरू कर सकती हैं:

  • फल/जूस/डेयरी प्रोडक्ट की दुकान
  • फल-सब्जी की दुकान
  • किराना दुकान
  • प्लास्टिक सामग्री/बर्तन की दुकान
  • खिलौना और जनरल स्टोर
  • ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग
  • मोबाइल रिचार्ज/बिक्री/रिपेयरिंग
  • स्टेशनरी और फोटोकॉपी की दुकान
  • खाद्य सामग्री दुकान
  • ब्यूटी पार्लर/कॉस्मेटिक्स/आर्टिफिशियल ज्वेलरी
  • कपड़ा/फुटवियर/सिलाई की दुकान
  • बिजली के पार्ट्स की दुकान
  • खेती से जुड़े काम
  • ई-रिक्शा या ऑटो रिक्शा
  • बकरी पालन
  • गौपालन
  • मुर्गी पालन
  • अन्य व्यवसाय

अभी भी 40 लाख महिलाएं इंतजार में

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक कुल 1.40 करोड़ महिलाओं ने आवेदन किया है, जिनमें से 1 करोड़ महिलाओं के खाते में राशि ट्रांसफर हो चुकी है. बाकी 40 लाख महिलाएं भी जल्द ही ₹10,000 की सहायता राशि पाने वाली हैं. इनके लिए भी भुगतान की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं, जो 6 अक्टूबर से लेकर 26 दिसंबर 2025 तक होंगी.

ये भी पढ़ें: चुनाव आयोग के साथ पटना में कल राजनीतिक दलों की अहम बैठक, इस मुद्दे पर होगी चर्चा