जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र में सरकारी स्कूल की स्थिति देखने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया. रामपुरा कंवरपुरा गांव में पहुंचे कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. इसके बाद ग्रामीणों ने टीम को गांव से बाहर जाने के लिए कहा. आरोप है कि कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई.
स्कूल पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध
CJP की टीम शुक्रवार सुबह रामपुरा कंवरपुरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी. टीम के आने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव के मुख्य रास्ते पर जमा थे. ग्रामीण आने-जाने वाले वाहनों की जांच भी कर रहे थे.
VIDEO | Jaipur, Rajasthan: Cockroach Janata Party (CJP) co-convenor Ashutosh Ranka and others chased away by locals as they tried to visit Bagru village. #CJP #JaipurNews
— Press Trust of India (@PTI_News) August 21, 2026
(Full video available to PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/ZivHSEFqaO
जैसे ही CJP कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे, ग्रामीणों ने उनका विरोध शुरू कर दिया. कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. इसके बाद ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर कर दिया और स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए.
‘हम अपने ही देश के लोगों के लिए आए हैं’
CJP कार्यकर्ता शिवांगी शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके साथ बदसलूकी की गई और कार्यकर्ताओं को आतंकवादी और नक्सली तक कहा गया. उन्होंने कहा कि बाहरी और भीतरी की बात समझ से परे है. हम इसी देश के नागरिक हैं और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की स्थिति देखने आए हैं.
VIDEO | Jaipur, Rajasthan: Cockroach Janata Party (CJP) co-convenor Ashutosh Ranka and others chased away by locals as they tried to visit Bagru village. Shivangi Sharma, CJP worker, says, "They attacked our workers, saying we are terrorists, Naxals. What is this outsider...… https://t.co/MqgiMSCt8R pic.twitter.com/U3VjdVgrl4
— Press Trust of India (@PTI_News) August 21, 2026
स्कूल सुधार के लिए 12.50 लाख रुपये मंजूर
ग्रामीणों और बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्कूल की व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार ने करीब 12 लाख 50 हजार रुपये मंजूर किए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने स्तर पर स्कूल की स्थिति सुधार लेंगे और किसी बाहरी संगठन को स्कूल में निरीक्षण की अनुमति नहीं देंगे.
CJP बोली- सरकारी स्कूलों की स्थिति सामने लाएंगे
CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने का अभियान जारी रखेगा. उनका आरोप है कि स्कूलों की बदहाली सामने न आए, इसलिए आम लोगों और मीडिया के प्रवेश पर रोक लगाई जा रही है.
CJP टीम के अनुसार, अभियान के तहत शुक्रवार को वाटिका रोड स्थित भट्टा वाला सरकारी स्कूल का भी जायजा लिया जाना था. यहां स्कूल भवन, पढ़ाई, छात्रों को मिल रही सुविधाओं और शिक्षकों की स्थिति की जानकारी लेने की योजना थी.
फिलहाल रामपुरा कंवरपुरा में ग्रामीणों का विरोध जारी है. स्कूल के निरीक्षण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सरकारी स्कूलों की स्थिति और बाहरी लोगों के प्रवेश के मुद्दे पर राजनीतिक बहस में बदलता दिख रहा है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में फिर एक्टिव हुआ बहावलपुर हेडक्वार्टर! ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुआ था जैस का यह ठिकाना