Christmas In Philippines: दुनियाभर में 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है. ईसाई समुदाय के लिए यह दिन प्रभु यीशु मसीह के जन्म की स्मृति का प्रतीक है. आमतौर पर अधिकांश देशों में क्रिसमस का उत्सव कुछ दिनों तक ही सीमित रहता है, लेकिन दुनिया में एक देश ऐसा भी है जहां यह पर्व सिर्फ एक दिन या एक हफ्ते का नहीं, बल्कि पूरे चार महीने तक मनाया जाता है. यह अनोखा देश है फिलीपींस, जहां क्रिसमस का जश्न सितंबर से शुरू होकर नए साल तक चलता है.
अब सवाल यह उठता है कि आखिर फिलीपींस में क्रिसमस इतना लंबा क्यों मनाया जाता है और इसके पीछे क्या धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कारण हैं? आइए, इस खास परंपरा को विस्तार से समझते हैं.
ईसाई परंपराओं से जुड़ी हैं क्रिसमस की गहरी जड़ें
फिलीपींस एशिया के उन गिने-चुने देशों में से एक है जहां ईसाई आबादी बहुसंख्यक है. यहां क्रिसमस सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा का प्रतीक माना जाता है. 25 दिसंबर को यीशु मसीह के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है, लेकिन इसके साथ-साथ 24 दिसंबर, 25 दिसंबर, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जाता है.
क्रिसमस की पूर्व संध्या पर होने वाली रात्रिकालीन प्रार्थना सभा को ‘सिम्बांग गाबी’ कहा जाता है, जिसका अर्थ है रात की प्रार्थना. यह एक विशेष धार्मिक परंपरा है, जो 16 दिसंबर से शुरू होकर 24 दिसंबर तक लगातार नौ दिनों तक चलती है. इन दिनों लोग सुबह करीब 2:30 बजे उठकर सूर्योदय से पहले चर्च पहुंचते हैं और सामूहिक प्रार्थना में शामिल होते हैं. इसे खुशी, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है.
सितंबर से क्यों शुरू हो जाता है क्रिसमस?
फिलीपींस में क्रिसमस की तैयारियां सितंबर से ही शुरू हो जाती हैं. जैसे ही बरसात और गर्मी का मौसम ढलने लगता है, वैसे ही देशभर में क्रिसमस का माहौल बनने लगता है. शॉपिंग मॉल, बाजार, सड़कें और घर रंग-बिरंगी लाइट्स, सजावटी सामान और क्रिसमस ट्री से सजने लगते हैं. यहां सजावट इतनी भव्य और आकर्षक होती है कि इसके लिए एक खास शब्द प्रचलित है, ‘बोंग्गा’, जिसका मतलब होता है शानदार, भव्य और भड़कीला.
‘-ber months’ की अनोखी परंपरा
फिलीपींस में चार महीने लंबे क्रिसमस सेलिब्रेशन का सबसे बड़ा कारण है ‘बेर मंथ’ (-ber months) की परंपरा. साल के आखिरी चार महीने-
इन सभी महीनों के अंत में “-ber” आता है, इसलिए इन्हें सामूहिक रूप से बेर मंथ कहा जाता है. स्थानीय मान्यता के अनुसार, ये महीने गर्मी के अंत और ठंड के आगमन का संकेत होते हैं. इन्हीं महीनों को ईश्वर को याद करने, घरों की सजावट, परिवार के पुनर्मिलन और उत्सवों के लिए सबसे शुभ माना जाता है. इसी वजह से फिलीपींस में क्रिसमस सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि एक वार्षिक उत्सव बन जाता है, जो चार महीने तक चलता है.
बिना बर्फ के भी भरपूर उत्साह
पश्चिमी देशों के विपरीत फिलीपींस में क्रिसमस के दौरान बर्फबारी नहीं होती. मौसम एजेंसी पगासा के मुताबिक राजधानी मनीला में दिसंबर का औसत तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहता है. इसके बावजूद यहां क्रिसमस का जोश किसी से कम नहीं होता.
हर परिवार अपने स्तर पर एनुअल क्रिसमस पार्टी आयोजित करता है. खास बात यह है कि इन पार्टियों के लिए बाकायदा ड्रेस कोड तय किया जाता है. कई परिवार अपनी पहचान दर्शाने के लिए टी-शर्ट तक छपवाते हैं, जिन पर लिखा होता है, “फलां फैमिली क्रिसमस रीयूनियन 2025”.
खाने, संगीत और मस्ती का संगम
क्रिसमस के आयोजनों में खाने-पीने की भरपूर वैरायटी देखने को मिलती है. स्थानीय परिवारों के अनुसार, यह साल का सबसे बड़ा जश्न होता है, इसलिए दावतों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाती. लोग हंसी-मजाक में कहते हैं कि जश्न तब तक चलता है, जब तक कपड़े टाइट न हो जाएं.
सामूहिक गायन फिलीपींस की क्रिसमस संस्कृति का अहम हिस्सा है. इसके लिए कराओके मशीनें किराए पर ली जाती हैं और हर गली-मोहल्ले में संगीत गूंजता रहता है. नवंबर से ही मनीला के कई इलाकों में आतिशबाजी के कार्यक्रम भी शुरू हो जाते हैं.
‘कलर ऑफ द ईयर’ की परंपरा
फिलीपींस में क्रिसमस से जुड़ी एक और दिलचस्प परंपरा है ‘कलर ऑफ द ईयर’ चुनना. कई परिवार आपसी सहमति से एक रंग तय करते हैं और पूरे साल या खास मौकों पर उसी रंग के कपड़े पहनने का संकल्प लेते हैं. यह परंपरा परिवार में एकता और सामूहिक पहचान का प्रतीक मानी जाती है.
क्यों खास है फिलीपींस का क्रिसमस?
फिलीपींस में क्रिसमस सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि परिवार, परंपरा, संगीत, सजावट और सामूहिक खुशी का प्रतीक है. चार महीने तक चलने वाला यह उत्सव लोगों को आपस में जोड़ता है, दूर गए रिश्तेदारों को घर लौटने का अवसर देता है और पूरे देश को एक उत्सवधर्मी माहौल में बांध देता है. यही वजह है कि फिलीपींस को दुनिया का वह देश माना जाता है, जहां क्रिसमस सबसे लंबा और सबसे रंगीन होता है.
यह भी पढ़ें- HTET 2025: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन स्टार्ट, डायरेक्ट लिंक से करें अप्लाई