Philippines China Navy Clash: फिलीपींस और चीन के बीच समुद्री तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. फिलीपींस के कोस्ट गार्ड ने ताइवान के पास उत्तरी बटानेस प्रांत के इलाके में मौजूद एक चीनी रिसर्च जहाज पर नजर रखने के लिए अपना सबसे बड़ा जहाज और एक विमान तैनात किया. फिलीपींस को शक है कि यह चीनी जहाज उसके समुद्री क्षेत्र में घुसकर ऐसी जानकारी जुटा सकता है, जिसका इस्तेमाल पनडुब्बियों की गुप्त गतिविधियों में किया जा सकता है.
फिलीपींस के मुताबिक, चीनी नौसेना ने भी अपने रिसर्च जहाज की सुरक्षा के लिए एक कोस्ट गार्ड पोत भेजा. इसके बाद दोनों देशों के जहाज आमने-सामने आ गए और दक्षिण चीन सागर में तनाव और बढ़ गया.
फिलीपींस के कोस्ट गार्ड ने क्या बताया?
साउथ चाइना सी मामलों के प्रवक्ता जे टैरिएला ने बताया कि फिलीपींस के ऑपरेशन के कारण चीनी जहाज को अपनी जगह बदलनी पड़ी. उनके मुताबिक, जहाज बिना अनुमति समुद्री वैज्ञानिक रिसर्च कर रहा था.
फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने चीनी जहाज की निगरानी के लिए 97 मीटर लंबे BRP टेरेसा मैगबानुआ और एक विमान को भेजा. कोस्ट गार्ड के अनुसार, जिया हाई के 7 नाम का यह जहाज 28 सितंबर से इटबायट द्वीप के उत्तर-पश्चिम में करीब 37 नॉटिकल मील की दूरी पर मौजूद था.
🇹🇼🇨🇳 Taiwan hit a Chinese fishing boat with a water cannon after it refused repeated orders to leave restricted waters near Dongsha Island.
— News Forge (@NewsXForge) October 2, 2026
Then things took a surprising turn:
• 3 radio warnings were ignored.
• Taiwan’s Coast Guard used water cannon to force the boat to move.… pic.twitter.com/WeqKpGGxIA
चीनी रिसर्च जहाज के करीब पहुंचा फिलीपींस का पोत
फिलीपींस के मुताबिक, जिया हाई के 7 वही चीनी झंडे वाला सर्वे जहाज है, जिस पर बटानेस के पास अपनी सही लोकेशन नहीं बताने का आरोप लगाया गया था.
PCG ने बताया कि टेरेसा मैगबानुआ चीनी जहाज के करीब करीब 100 गज तक पहुंच गया. इसके बाद फिलीपींस के कोस्ट गार्ड ने एक छोटी रिजिड-हल इन्फ्लेटेबल बोट को पानी में उतारा. इस नाव ने रिसर्च जहाज के आसपास चक्कर लगाते हुए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी. इस दौरान फिलीपींस के कर्मचारियों ने रेडियो के जरिए चीनी जहाज को चुनौती भी दी.
कोस्ट गार्ड का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान चीनी रिसर्च जहाज ने फिलीपींस की नावों से बचने के लिए कई बार अपनी दिशा बदली.
रिसर्च जहाज की मदद के लिए पहुंचा चीनी कोस्ट गार्ड
फिलीपींस के मुताबिक, इसके बाद चीनी कोस्ट गार्ड का एक जहाज जिया हाई के 7 की मदद के लिए वहां पहुंचा. चीनी पोत ने रेडियो के जरिए फिलीपींस के जहाज को चुनौती दी.
फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने कहा कि चीनी कोस्ट गार्ड की मौजूदगी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जिया हाई के 7 एक निजी जहाज है. फिलीपींस ने सवाल उठाया कि अगर जहाज निजी है तो उसकी सुरक्षा के लिए चीनी सरकार का पोत क्यों पहुंचा.
फिलीपींस ने यह भी कहा कि बटानेस और लुजोन स्ट्रेट के पास अंडरसी केबल कॉरिडोर मौजूद हैं. ऐसे में वहां जमा किए जा रहे डेटा के मकसद को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
चीन और फिलीपींस में बढ़ी जुबानी जंग
फिलीपींस के कोस्ट गार्ड ने कहा कि उसके ऑपरेशन के बाद जिया हाई के 7 को अपनी जगह से हटना पड़ा. इसके बाद भी टेरेसा मैगबानुआ ने चीनी जहाज पर नजर बनाए रखी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह फिलीपींस के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन से बाहर चला जाए.
वहीं, मनीला स्थित चीनी दूतावास ने फिलीपींस के आरोपों को खारिज किया. चीन ने कहा कि उसका रिसर्च जहाज चीन के अधिकार वाले समुद्री क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां कर रहा था. चीनी दूतावास ने फिलीपींस पर अपने जहाज को परेशान करने का आरोप लगाया और उससे वैज्ञानिक रिसर्च में दखल देना बंद करने को कहा.
इस घटना से दक्षिण चीन सागर में दोनों देशों के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ गया है. पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में चीन और फिलीपींस के नौसेना और कोस्ट गार्ड के जहाज कई बार आमने-सामने आ चुके हैं.
ये भी पढ़ें- बेशर्म पाकिस्तान! पूर्व राजनयिक ने फ्लाईदुबई घटना पर बोली ऐसी बात, सुनकर आ जाएगा गुस्सा, VIDEO