30 लाख का इनाम और प्रमोशन... कॉमनवेल्थ में सिल्वर जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को छत्तीसगढ़ सरकार का तोहफा

Gyaneshwari Yadav Silver Medal: छत्तीसगढ़ की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है. उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें अपने निवास पर सम्मानित किया और बड़ी घोषणा की.

Chhattisgarh government gift to Commonwealth games 2026 silver medalist Gyaneshwari Yadav
Image Source: Social Media

Gyaneshwari Yadav Silver Medal: छत्तीसगढ़ की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है. उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें अपने निवास पर सम्मानित किया और बड़ी घोषणा की.

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी को 30 लाख रुपये की इनामी राशि देने और पुलिस विभाग में डीएसपी (DSP) पद पर प्रमोशन देने का ऐलान किया. फिलहाल ज्ञानेश्वरी राजनांदगांव जिले में एएसआई (सहायक उप-निरीक्षक) के पद पर कार्यरत हैं.

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

ज्ञानेश्वरी यादव ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और मजबूत इरादे ने पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है.

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह सफलता राज्य के युवाओं, खासकर लड़कियों के लिए प्रेरणा है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि वे ओलंपिक और एशियन गेम्स जैसे बड़े मंचों पर देश का नाम रोशन कर सकें.

पिता को याद कर हुईं भावुक

अपनी सफलता के बाद ज्ञानेश्वरी ने अपने पिता को याद किया. उन्होंने बताया कि उनके पिता बॉडीबिल्डिंग करते थे और बचपन में उन्हें रोज साइकिल पर बैठाकर जिम ले जाया करते थे.

उन्होंने कहा कि उनके पिता का सपना था कि उनकी बेटी देश के लिए मेडल जीते और परिवार का नाम रोशन करे. ज्ञानेश्वरी ने बताया कि प्रतियोगिता वाले दिन उनके पीरियड्स का पहला दिन था और उन्हें तेज दर्द हो रहा था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने सभी लिफ्ट सफलतापूर्वक पूरे किए.

अब एशियन गेम्स पर नजर

डीएसपी पद पर प्रमोशन की घोषणा से ज्ञानेश्वरी बेहद खुश हैं. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा. अब उनका पूरा ध्यान एक महीने बाद होने वाले एशियन गेम्स पर है और उन्होंने उसकी तैयारी भी शुरू कर दी है. उनका लक्ष्य एशियन गेम्स में भी मेडल जीतकर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करना है.

ये भी पढ़ें- हिंद महासागर में भारत करने जा रहा मिसाइल परीक्षण, 2,530 KM तक गूंजेगी ताकत, NOTAM जारी