IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ की राह कैसे हुई आसान? समझें पूरा समीकरण

CSK Scenario for IPL 2026 Playoff: आईपीएल 2026 के 48वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने फैंस को फिर से उत्साहित कर दिया है.

Chennai super kings Scenario for IPL 2026 Playoff
Image Source: ANI

CSK Scenario for IPL 2026 Playoff: आईपीएल 2026 के 48वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने फैंस को फिर से उत्साहित कर दिया है. इस जीत के साथ CSK की प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत हुई हैं. अब टीम का मुख्य काम है अपनी बचे हुए मुकाबलों में जीत की लय को बरकरार रखना. अगर ऐसा हुआ, तो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ का रास्ता काफी आसान हो जाएगा.

पॉइंट्स टेबल में CSK की स्थिति

5 मई को खेले गए मुकाबले में CSK ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराया. इस जीत के बाद टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है. CSK ने अब तक 10 मैचों में 5 जीत दर्ज की हैं और उसके खाते में 10 अंक हैं. अच्छी बात ये है कि टीम का नेट रन रेट भी पॉजिटिव है (0.151), जो प्लेऑफ की दौड़ में काम आ सकता है.

सभी मैच जीतें तो प्लेऑफ पक्का

ग्रुप स्टेज में CSK को अभी 4 मैच और खेलने हैं. अगर टीम ये चारों मुकाबले जीत लेती है, तो उसके 18 अंक हो जाएंगे और IPL 2026 के प्लेऑफ में उसका स्थान लगभग पक्का हो जाएगा. हालाँकि, अगर टीम इनमें से एक मैच हारती है, तब भी 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में जाने का मौका बरकरार रहेगा. चुनौती तब बढ़ जाएगी जब CSK अगले चार में से दो मैच हार जाए, इसलिए टीम को अपनी लय बनाए रखना बेहद जरूरी है.

अगले 4 मुकाबलों का शेड्यूल

CSK को अगले चार मैचों में से दो मैच लखनऊ की टीम के खिलाफ खेलना हैं. इसके अलावा, एक मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और एक गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला जाएगा. पिछले सीजन में CSK ने हैदराबाद में SRH के खिलाफ हार का सामना किया था, लेकिन इस बार मुकाबला चेन्नई में होगा. वहीं गुजरात टाइटंस ने CSK को चेपॉक में हरा दिया था, अब इसका बदला लेना भी टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी.

13वीं बार प्लेऑफ में दिखा सकते हैं दम

IPL 2026 में अभी तक किसी भी टीम की प्लेऑफ की जगह पक्की नहीं है. बाकी मैचों के नतीजों पर बहुत कुछ निर्भर करेगा. लेकिन CSK के लिए सबसे सरल रास्ता यही है कि वो अपने बचे हुए सभी मुकाबले जीतते जाए. अगर ऐसा हुआ, तो टीम रिकॉर्ड 13वीं बार IPL के प्लेऑफ में दिख सकती है.

ये भी पढ़ें: IPL 2026: बेंगलुरू नहीं... अब इस स्टेडियम में होगा फाइनल, प्लेऑफ के वेन्यू को लेकर भी आया अपडेट