क्या छुट्टी के दिन बॉस कर सकते हैं कॉल? जानिए वीकली ऑफ और ओवरटाइम को लेकर नए लेबर लॉ के नियम

वीकेंड और छुट्टियां किसी भी कर्मचारी के लिए आराम करने और निजी जीवन को समय देने का अहम हिस्सा होती हैं.

Can the boss call on holidays New labor laws regarding weekly off and overtime
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

New Labor Laws: वीकेंड और छुट्टियां किसी भी कर्मचारी के लिए आराम करने और निजी जीवन को समय देने का अहम हिस्सा होती हैं. लेकिन कई बार काम का दबाव इतना बढ़ जाता है कि ऑफिस का काम इन दिनों भी पीछा नहीं छोड़ता. अक्सर कर्मचारियों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ता है जब उनसे छुट्टी के दिन भी काम करने या उपलब्ध रहने की उम्मीद की जाती है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या यह कानूनी रूप से सही है और नए लेबर कानून इस पर क्या कहते हैं.

छुट्टी के दिन काम करवाना कितना सही?

भारत में वीकली ऑफ और छुट्टियों को लेकर श्रम कानून स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हैं, लेकिन निजी कंपनियों में कई बार इन नियमों का पूरी तरह पालन नहीं हो पाता. खासकर कॉरपोरेट सेक्टर में यह देखा जाता है कि कर्मचारियों से वीकेंड या छुट्टी के दिन भी काम करवाया जाता है या उनसे लगातार उपलब्ध रहने की अपेक्षा की जाती है.

विशेषज्ञों के अनुसार, कर्मचारियों को बिना सहमति के छुट्टी के दिन काम करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता, खासकर तब जब यह बात उनके रोजगार अनुबंध या कंपनी की एचआर पॉलिसी में स्पष्ट रूप से शामिल न हो. अगर ऐसा किया जाता है और बदले में अतिरिक्त वेतन या कंपेनसेटरी ऑफ नहीं दिया जाता, तो यह नियमों के खिलाफ माना जा सकता है.

वीकली ऑफ कर्मचारियों का अधिकार

श्रम कानूनों के अनुसार, वीकली ऑफ कोई सुविधा नहीं बल्कि एक कानूनी अधिकार है. नियमों के तहत हर कर्मचारी को लगातार 6 दिन काम करने के बाद कम से कम एक दिन का अवकाश मिलना चाहिए. यदि किसी कर्मचारी को उस दिन भी काम करना पड़ता है, तो उसे बदले में छुट्टी या अतिरिक्त भुगतान मिलना जरूरी है.

कई विशेषज्ञों का कहना है कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर उसका सही उपयोग कर सकें.

भारत में लागू प्रमुख श्रम कानून

इस विषय से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण कानून इस प्रकार हैं:

Weekly Holidays Act, 1942 के अनुसार कर्मचारियों को हर सप्ताह कम से कम एक दिन की छुट्टी मिलनी अनिवार्य है.
Factories Act, 1948 और OSH Code, 2020 में भी यह प्रावधान है कि हर 7 दिन में एक दिन का आराम जरूरी है, और उस दिन काम करने पर डबल वेतन या कंपेनसेटरी ऑफ देना होता है.
राज्य स्तर पर लागू National और Festival Holidays Laws के तहत त्योहार या राष्ट्रीय छुट्टियों में काम कराने पर अतिरिक्त वेतन या छुट्टी देना जरूरी है.

कर्मचारियों के सामने आने वाली समस्या

कानून मौजूद होने के बावजूद कई कर्मचारी अपने अधिकारों का उपयोग नहीं कर पाते. इसका मुख्य कारण नौकरी जाने का डर या कामकाजी माहौल में दबाव होता है. कई बार कर्मचारी विरोध नहीं कर पाते और स्थिति को स्वीकार कर लेते हैं.

विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामलों में रिकॉर्ड रखना बहुत जरूरी होता है.

डॉक्यूमेंटेशन क्यों जरूरी है?

यदि किसी कर्मचारी को छुट्टी के दिन काम करने के लिए कहा जाता है, तो उसे इसका रिकॉर्ड ईमेल, मैसेज या किसी अन्य लिखित माध्यम से रखना चाहिए. यह भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में सबूत के तौर पर काम आ सकता है.

इसके अलावा, यदि पहले से मंजूर छुट्टी को बिना उचित नोटिस के रद्द किया जाता है, तो कर्मचारी को इसका विरोध लिखित रूप में दर्ज करना चाहिए. नियमों के अनुसार छुट्टी में बदलाव के लिए आमतौर पर कम से कम दो सप्ताह का नोटिस देना जरूरी होता है.

कर्मचारियों के अधिकार

  • छुट्टी के दिन काम करने पर अतिरिक्त वेतन या कंपेनसेटरी ऑफ पाने का अधिकार
  • बिना उचित कारण छुट्टी रद्द होने पर आपत्ति दर्ज करने का अधिकार
  • ओवरटाइम का उचित भुगतान प्राप्त करने का अधिकार

कंपनियों का पक्ष

कंपनियां अक्सर यह तर्क देती हैं कि रोजगार अनुबंध में व्यवसाय की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त काम का प्रावधान होता है. कई बार यह भी माना जाता है कि अगर कर्मचारी बिना आपत्ति के काम करता है, तो इसे उसकी सहमति समझा जा सकता है.

हालांकि, कानूनी दृष्टिकोण से यह साफ है कि छुट्टी के दिन काम करवाना पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन इसके लिए स्पष्ट नियम, सहमति और उचित मुआवजा देना जरूरी है.

ये भी पढ़ें- Super El Nino: पानी की किल्लत, भयंकर गर्मी... भारत में कैसा होगा सुपर अल-नीनो का असर? चेतावनी जारी