BPSC TRE 4.0 Vacancy: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी बीपीएससी टीआरई 4.0 के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी.
शिक्षा विभाग ने भर्ती से जुड़ी कक्षा और विषय के अनुसार खाली पदों की जानकारी बिहार लोक सेवा आयोग को भेज दी है. इस भर्ती में सबसे ज्यादा पद 11वीं और 12वीं कक्षा के लिए रखे गए हैं. वहीं विषयों में रसायन विज्ञान के पद सबसे अधिक हैं.
11वीं और 12वीं कक्षा में सबसे ज्यादा सीटें
इस भर्ती में सबसे ज्यादा 16,101 पद उच्च माध्यमिक यानी 11वीं और 12वीं कक्षा के शिक्षकों के लिए हैं.
इसके बाद छठी से आठवीं कक्षा के लिए 8,563 पदों पर भर्ती होगी. वहीं नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए 3,877 और पहली से पांचवीं कक्षा के लिए 3,847 पद निर्धारित किए गए हैं.
इस आंकड़े से साफ है कि इस बार उच्च माध्यमिक स्तर के उम्मीदवारों के लिए सबसे ज्यादा अवसर उपलब्ध हैं.
रसायन विज्ञान में सबसे ज्यादा पद खाली
11वीं और 12वीं कक्षा के लिए कुल 22 विषयों में शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. इनमें सबसे ज्यादा पद रसायन विज्ञान विषय में हैं.
रसायन विज्ञान के लिए 3,695 पद खाली हैं. इसके बाद भौतिक विज्ञान के 1,758, अंग्रेजी के 1,321, वनस्पति विज्ञान के 1,078 और मनोविज्ञान के 1,030 पद हैं.
इसके अलावा उर्दू में 877, संस्कृत में 746, हिंदी में 739 और संगीत में 736 पदों पर भर्ती होगी. राजनीति शास्त्र के 665, गणित के 657 और इतिहास के 608 पद भी शामिल हैं.
वहीं कुछ विषयों में पदों की संख्या कम है. उद्यमशीलता में 58, लेखाशास्त्र में 66, दर्शनशास्त्र में 80 और व्यवसायिक अध्ययन में 133 पद रखे गए हैं.
नौवीं और दसवीं कक्षा में सामाजिक विज्ञान के सबसे ज्यादा पद
माध्यमिक स्तर यानी नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए कुल 3,877 शिक्षकों की नियुक्ति होगी.
इसमें सामाजिक विज्ञान विषय के लिए सबसे ज्यादा 756 पद हैं. इसके बाद अंग्रेजी के 696 और उर्दू के 660 पद हैं.
गणित के 570, विज्ञान के 463, हिंदी के 361 और संस्कृत के 322 पदों पर भी भर्ती की जाएगी. वहीं शारीरिक शिक्षा के 47 और संगीत के सिर्फ 2 पद हैं.
छठी से आठवीं में विज्ञान और गणित की मांग ज्यादा
मध्य विद्यालय स्तर पर कुल 8,563 शिक्षकों की भर्ती होगी. इस स्तर पर विज्ञान और गणित विषय के लिए सबसे ज्यादा 2,188 पद रखे गए हैं.
इसके बाद अंग्रेजी के 1,929 पद हैं. संस्कृत में 1,225, सामाजिक विज्ञान में 1,190, हिंदी में 1,096 और उर्दू में 935 पदों पर नियुक्ति होगी.
इससे साफ है कि इस स्तर पर विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय के उम्मीदवारों के लिए बेहतर अवसर हैं.
पहली से पांचवीं कक्षा के लिए 3,847 पद
प्राथमिक विद्यालयों में कुल 3,847 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. इनमें सामान्य विषय के लिए 3,065 पद हैं.
इसके अलावा उर्दू विषय के लिए 757 और बांग्ला विषय के लिए 25 पद निर्धारित किए गए हैं.
संशोधित प्रस्ताव में कुछ पदों की संख्या हुई कम
शिक्षा विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में बाद में बदलाव भी किया गया है. पहले नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए 9,083 पद प्रस्तावित थे, लेकिन संशोधित प्रस्ताव में इसे घटाकर 3,877 कर दिया गया.
यानी इस स्तर पर 5,206 पद कम हो गए हैं. इसी तरह 11वीं और 12वीं कक्षा के लिए पहले 16,774 पदों का प्रस्ताव था, जिसे संशोधित कर 16,101 कर दिया गया है.
अभ्यर्थियों को तैयारी में मिलेगी मदद
विषयवार और कक्षावार पदों की जानकारी सामने आने के बाद अब उम्मीदवारों को तैयारी की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी.
खासकर विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों के लिए इस भर्ती में अच्छे अवसर दिखाई दे रहे हैं. अब सभी उम्मीदवार बीपीएससी की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं.
नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और लाखों अभ्यर्थी बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे.
ये भी पढ़ें- शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से दिया इस्तीफा! क्या है पार्टी छोड़ने की क्या वजह? X का बायो भी अपडेट