Bhooth Bangla Box Office Collection: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला ने सिनेमाघरों में अपने पहले वीकेंड के साथ शानदार प्रदर्शन किया है. शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि फिल्म ने दर्शकों के बीच अच्छी पकड़ बनाई है और बॉक्स ऑफिस पर जोरदार कमाई दर्ज की है. खास बात यह है कि लंबे समय बाद अक्षय कुमार को सोलो लीड में मजबूत ओपनिंग और वीकेंड ग्रोथ मिलती दिख रही है.
फिल्म की सफलता के पीछे एक बड़ी वजह इसका निर्देशन भी माना जा रहा है, जिसे प्रियदर्शन ने संभाला है. अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी पहले भी कई हिट फिल्में दे चुकी है, और इस बार भी उनका यह सहयोग असरदार साबित होता नजर आ रहा है.
भारत में पहले तीन दिनों का कलेक्शन
फिल्म की कमाई की बात करें तो शुरुआत पेड प्रिव्यू से हुई, जहां इसे लगभग 3.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन मिला. इसके बाद पहले दिन फिल्म ने करीब 12.25 करोड़ रुपये कमाए. दूसरे दिन कमाई में उछाल देखने को मिला और फिल्म ने लगभग 19 करोड़ रुपये का बिजनेस किया.
तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म की कमाई में और तेजी आई, जिससे वीकेंड का कुल नेट कलेक्शन लगभग 58 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. वहीं ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो तीन दिनों में फिल्म ने करीब 69.37 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया.
विदेशों में भी दिखा फिल्म का दम
घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ फिल्म ने विदेशों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है. तीसरे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में करीब 7 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह तीन दिनों का कुल विदेशी कलेक्शन लगभग 26.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
अगर कुल मिलाकर देखा जाए, तो फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन तीन दिनों में करीब 95.87 करोड़ रुपये हो चुका है, जो इसे 100 करोड़ क्लब के बेहद करीब ले आता है.
बजट और आगे की चुनौती
फिल्म का बजट करीब 120 से 150 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. ऐसे में पहले ही वीकेंड में लगभग 100 करोड़ के करीब पहुंचना एक मजबूत शुरुआत मानी जा रही है. हालांकि, आने वाले दिनों में फिल्म के लिए असली चुनौती इस गति को बनाए रखने की होगी.
अक्षय कुमार के लिए राहत की खबर
पिछले कुछ समय से अक्षय कुमार की फिल्मों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. लेकिन भूत बंगला के जरिए उनके करियर को एक नई रफ्तार मिलती दिख रही है. अगर फिल्म इसी तरह कमाई जारी रखती है, तो 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना भी संभव हो सकता है.
ये भी पढ़ें- भारत की नागरिकता और टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका... राशिद खान को मिला था ऑफर, खुद बताई पूरी कहानी