BLA Attack On Pak Army: बलूचिस्तान में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि उसने 10 दिनों के भीतर पाकिस्तानी सेना के खिलाफ 45 अलग-अलग सैन्य अभियान चलाए. संगठन के मुताबिक, इन कार्रवाइयों में पाकिस्तानी सेना के 49 जवान मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए. बीएलए ने 1 सितंबर को अपने प्रेस विंग हक्कल के जरिए जारी बयान में इन अभियानों की जानकारी दी.
संगठन ने दावा किया कि कई चेकपोस्टों पर कब्जा किया गया और वहां से हथियार और सैन्य सामान भी जब्त किए गए. बीएलए के अनुसार, इन कार्रवाइयों में आईईडी धमाके, छापेमारी और सीधे हथियारों से किए गए हमले शामिल थे. संगठन ने प्रमुख राजमार्गों पर अपना नियंत्रण बनाए रखने का भी दावा किया.
क्वेटा में पुलिस स्टेशन और सेना के कैंप पर हमला
बीएलए के मुताबिक, 19 अगस्त को क्वेटा शहर में उसके लड़ाकों ने काची बैग पुलिस स्टेशन और मुनीर अहमद रोड पर मौजूद पाकिस्तानी सेना के एक कैंप को एक साथ निशाना बनाया. संगठन का दावा है कि दोनों जगह हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया और सुरक्षा बलों को भारी नुकसान हुआ.
BLA and BLF forces have released a short trailer documenting the bloody battle following yesterday’s attack. The trailer contains intense and dangerous scenes, including footage of fierce clashes during the fighting. pic.twitter.com/bTRdTjd7w7
— Military Info (@Military_Inf) September 4, 2026
आईईडी धमाके में दो जवानों के मारे जाने का दावा
संगठन ने कहा कि 22 अगस्त को जेहरी के बुलबुल इलाके के ‘छोटो’ में आईईडी धमाका किया गया. बीएलए के मुताबिक, इसमें पाकिस्तानी सेना के दो जवान मारे गए और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
इसी दिन नुश्की के ‘चरहाई’ इलाके में एक व्यावसायिक वाहन को निशाना बनाने का भी दावा किया गया. इसके बाद सेना के जवानों के साथ हथियारबंद मुठभेड़ होने की बात संगठन ने कही.
कलात और मस्तुंग में बड़े हमलों का दावा
बीएलए की प्रेस रिलीज के अनुसार, कलात के मरजान इलाके में पाकिस्तानी सेना पर घात लगाकर हमला किया गया. संगठन ने इसमें चार सैन्यकर्मियों के मारे जाने का दावा किया. वहीं, मस्तुंग के खड़कोचा इलाके में बीएलए के स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशंस स्क्वाड (एसटीओएस) ने आईईडी धमाके से सेना के एक बख्तरबंद वाहन को नष्ट करने का दावा किया.
इसके बाद एक दूसरे बख्तरबंद वाहन को भारी हथियारों से नुकसान पहुंचाने की बात भी कही गई. संगठन के मुताबिक, इस पूरी कार्रवाई में 13 सैन्यकर्मी मारे गए और 10 से ज्यादा घायल हुए. बीएलए ने यह भी बताया कि उसके एक लड़ाके अली हैदर उर्फ कमाल की मुठभेड़ में मौत हो गई.
खारान और वाशुक में भी कार्रवाई का दावा
बीएलए ने दावा किया कि खारान के अल्बाट इलाके में सेना के मुख्य कैंप पर रॉकेट और भारी हथियारों से हमला किया गया. इसके अलावा खारान के ‘नियामदारगी’ इलाके में उसके लड़ाकों ने कई घंटे तक राजमार्ग पर नाकेबंदी बनाए रखने की बात कही.
संगठन के अनुसार, वाशुक के अरमगई इलाके में पाकिस्तानी सेना को हथियारबंद हमले में निशाना बनाया गया. इसमें तीन सैन्यकर्मियों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का दावा किया गया. बीएलए ने एक सैन्य वाहन को नुकसान पहुंचाने की बात भी कही.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में सेना का कंट्रोल, मेरे पिता की हत्या की साजिश... इमरान खान के बेटे ने खोली मुनीर की पोल