इस्लामाबाद/लंदन: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान ने अपने पिता की सुरक्षा को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान में इमरान खान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है. उनका कहना है कि पाकिस्तान की एस्टैबलिशमेंट पहले इमरान खान को लोगों और दुनिया से पूरी तरह अलग करना चाहती है और इसके बाद उन पर हमला किया जा सकता है.
टाइम्स रेडियो को दिए इंटरव्यू में दोनों बेटों ने जेल में बंद अपने पिता की सेहत को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इमरान खान को अकेले रखा जा रहा है और उन्हें जरूरी मेडिकल सुविधा भी नहीं मिल रही है.
पाकिस्तान में सेना का पूरा दबदबा
कासिम खान ने पाकिस्तान की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में सेना का हर चीज पर नियंत्रण है. उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी इमरान खान के समर्थन में आवाज उठाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है.
कासिम ने कहा कि पाकिस्तान में लोग कई-कई दिनों तक गायब कर दिए जाते हैं. कुछ लोग वापस लौट आते हैं, जबकि कई लोगों के बारे में फिर कोई जानकारी नहीं मिलती. उनके मुताबिक, यह सब एक सैन्य तानाशाही जैसा माहौल दिखाता है.
पिता की हालत की जानकारी मिलना मुश्किल
कासिम ने कहा कि उनके पास यह पता करने का भी कोई सीधा तरीका नहीं है कि उनके पिता की हालत कैसी है. उन्होंने बताया कि कई बार सुबह करीब 5 बजे किसी अनजान नंबर से संदेश आता है कि इमरान खान अगले कुछ घंटों में फोन करेंगे.
अगर उस समय फोन नहीं उठ पाया तो फिर लंबे समय तक उनसे बात नहीं हो पाती. कासिम का आरोप है कि ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है, ताकि इमरान खान को परिवार से पूरी तरह दूर रखा जा सके.
कासिम ने कहा कि सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर लोग इमरान खान को भूलने लगे और उनके बारे में बात करना बंद कर दें, तो उनके खिलाफ कोई बड़ा कदम उठाया जा सकता है. इसलिए उनके लिए लगातार आवाज उठाते रहना जरूरी है.
रात में भी अनजान नंबरों का इंतजार
एबीसी न्यूज ऑस्ट्रेलिया से बातचीत में कासिम और सुलेमान ने बताया कि पाकिस्तान के किसी अनजान नंबर से फोन आते ही वे उसे उठाने की कोशिश करते हैं. उनके मुताबिक, वे यह नहीं देखते कि फोन दिन में आया है या आधी रात को.
दोनों भाइयों को डर रहता है कि शायद यह फोन उनके पिता इमरान खान का हो, जो अदियाला जेल से उन्हें कॉल कर रहे हों. हालांकि, उन्होंने बताया कि पिछले करीब छह महीनों से उनके पिता की ओर से कोई फोन नहीं आया है.
ये भी पढ़ें- रूस से तेल खरीदता रहेगा भारत? जयशंकर ने यूक्रेन की धरती से दे दिया जवाब, बताया कैसे खत्म होगी जंग