मध्य प्रदेश से राज्यसभा जाएंगे हरदीप सिंह पुरी, बीजेपी ने उपचुनाव में बनाया उम्मीदवार

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को प्रत्याशी बनाया है.

BJP Names Hardeep Singh Puri For Madhya Pradesh Rajya Sabha Bypoll
Image Source: ANI

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को प्रत्याशी बनाया है. इस सीट पर 12 नवंबर को मतदान होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर निर्धारित की गई है. यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी. मुरुगन ने 14 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था. उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था.

सीएम आवास पर बैठक के बाद नाम पर लगी मुहर

उम्मीदवार के चयन को लेकर बीजेपी में बैठकों का दौर चला. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आवास पर चर्चा के बाद प्रदेश बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में हरदीप सिंह पुरी के नाम पर सहमति बनी. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया था कि बैठक में राज्यसभा की रिक्त सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया. इस दौरान मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों से जुड़े चार से पांच नाम चर्चा में आए. प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, अरविंद सिंह भदौरिया, रंजना बघेल, पूर्व राज्यसभा सदस्य सुमेर सिंह सोलंकी और पूर्व विधायक अमर सिंह के नामों की भी चर्चा थी. इसके अलावा वनाथी श्रीनिवासन का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताया जा रहा था.

पहली बार 2018 में राज्यसभा पहुंचे थे हरदीप पुरी

हरदीप सिंह पुरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल हैं और फिलहाल पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह जनवरी 2018 में पहली बार उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे. इसके बाद नवंबर 2020 में उन्हें दोबारा उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजा गया. पुरी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पंजाब की अमृतसर सीट से भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. अब मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए बीजेपी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है.

मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट

एल. मुरुगन के राज्यसभा और केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश की यह सीट खाली हुई थी. निर्वाचन आयोग ने इसके बाद उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया. इस घटनाक्रम के बीच केंद्र की एनडीए सरकार में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर भी चर्चाएं शुरू हुई थीं. हालांकि, मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के साथ बीजेपी ने अपने प्रत्याशी को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. अब उपचुनाव की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी.

ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab: तटीय इलाकों में अर्नब चक्रवात का कहर! तेज हवाएं, मूसलाधार बारिश और ऊंची लहरों से मची अफरा-तफरी