Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले के चेहराकलां प्रखंड के कटहरा में एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना घटी. शादी का माहौल अचानक शोक में बदल गया, जब जयमाला के दौरान दुल्हन मंच पर बेहोश होकर गिर गई. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दुल्हन की मौत ने पूरे गांव में गहरा सदमा पैदा कर दिया और शादी का जश्न मातम में बदल गया.
शादी की खुशियों में मातम
वैशाली जिले के पड़ोसी मुजफ्फरपुर से बारात आई थी और शादी की सारी रस्में धूमधाम से चल रही थीं. जयमाला की तैयारी पूरी होने के बाद जैसे ही दुल्हन स्टेज पर पहुंची, वह अचानक गिर पड़ी. शुरुआत में परिजन और गांव वाले उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने बताया कि दुल्हन का ब्लड प्रेशर अचानक गिर गया है. लेकिन कुछ ही समय में स्थिति गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पूरी रात इंतजार में रहे दूल्हा और बाराती
दुल्हन की हालत को लेकर परिवार और बाराती पूरी रात अस्पताल में बैठे रहे. दूल्हा भी अपने साथ आए बारातियों के साथ रातभर दुल्हन के ठीक होने की उम्मीद में रुका रहा. लेकिन जैसे ही सुबह दुल्हन की मौत की खबर सामने आई, शादी टूट गई और दूल्हा अपने घर वापस लौट गया.
प्रेम प्रसंग की संभावित कहानी
स्थानीय लोगों की जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है. चर्चा है कि दुल्हन का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और कथित तौर पर दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया. दुल्हन के प्रेमी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
गांव में तनाव और पंचायत की कार्रवाई
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. वधु पक्ष और वर पक्ष के बीच विवाद की भी खबरें हैं. स्थानीय पंचायत ने मामले की समीक्षा कर प्रेमी पक्ष पर आर्थिक दंड लगाने का फैसला लिया, हालांकि इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, कटहरा थाना पुलिस ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: UP: अंबेडकरनगर में दिल दहलाने वाला कांड, 4 बच्चों की हत्या से मचा हड़कंप, पुलिस को किस पर है शक?