शराब तस्करी में पकड़ी गई युवती की खुली पोल, पिता भी करते थे यही काम, पुलिस खंगाल रही पुराना रिकॉर्ड

Samastipur Liquor Smuggling: बिहार में ट्रेन की फर्स्ट एसी कोच से शराब तस्करी के मामले में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. जिस युवती को शराब के साथ पकड़ा गया है, उसके पिता भी पहले शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं.

Bihar Samastipur Young woman caught smuggling liquor exposed police scrutinizing past records
Image Source: Social Media

Samastipur Liquor Smuggling: बिहार में ट्रेन की फर्स्ट एसी कोच से शराब तस्करी के मामले में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. जिस युवती को शराब के साथ पकड़ा गया है, उसके पिता भी पहले शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं. पुलिस को शक है कि युवती काफी समय से इसी तरह शराब की तस्करी कर रही थी. 

कुछ दिन पहले मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और उसका पूरा मामला सामने आ गया. फिलहाल युवती और उसके साथ पकड़ा गया युवक जेल में हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती कब से शराब ला रही थी और दरभंगा में उसके खरीदार कौन थे.

स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी से शराब तस्करी

युवती के दो सूटकेस की तलाशी में करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. शराब मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने युवती के साथ एक युवक को भी गिरफ्तार कर लिया. युवती दिल्ली से जयनगर जाने वाली 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही थी.

दरभंगा जाना था, समस्तीपुर में पकड़ी गई

युवती को दरभंगा जाना था, लेकिन उससे एक स्टेशन पहले ही समस्तीपुर में पुलिस ने उसे पकड़ लिया. बताया गया कि पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि इस ट्रेन में एक युवती शराब लेकर जा रही है. पुलिस को यह भी पता था कि वह फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही है.

पुलिस के सामने अंग्रेजी में बात कर रही थी युवती

समस्तीपुर पहुंचने से पहले ही पुलिस की टीम तैयार थी. ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही फर्स्ट एसी कोच की जांच शुरू कर दी गई. इसी दौरान युवती के पास रखे दो सूटकेस की तलाशी ली गई. सूटकेस खोलते ही उसमें ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलें मिलीं. जांच के दौरान युवती पुलिस वालों पर रौब जमाने के लिए अंग्रेजी में बात करती रही.

ट्रॉली बैग से मिली 75 लीटर विदेशी शराब

पुलिस को पहले से सूचना थी, इसलिए पूरी जांच के बाद उसके ट्रॉली बैग से करीब 75 लीटर शराब बरामद हुई. गिरफ्तार युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव की रहने वाली 25 वर्षीय नेहा झा के रूप में हुई है. उसके साथ हरियाणा के करनाल जिले के सदर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम गार्डन निवासी 31 वर्षीय ईशान कुमार को भी गिरफ्तार किया गया.

बड़ी बहन के देवर के साथ पकड़ी गई नेहा

जानकारी के मुताबिक ईशान कुमार नेहा की बड़ी बहन का देवर है. स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि नेहा का परिवार पहले से शराब के कारोबार से जुड़ा रहा है. उसके पिता पंकज झा को भी पहले शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है. स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि शराब की सप्लाई दरभंगा में कुछ डॉक्टरों तक की जाती थी. हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है.

पुराने रिकॉर्ड की जांच कर रही पुलिस

जीआरपी इंस्पेक्टर बीरबल कुमार ने बताया कि नेहा को शराब के साथ पहली बार गिरफ्तार किया गया है. हालांकि पुलिस को शक है कि इससे पहले भी वह कई बार दिल्ली से शराब की खेप दरभंगा ला चुकी है. पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड और संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है.

ये भी पढ़ें- शहबाज-मुनीर के हाथ से निकला बलूचिस्तान, बोरिया-बिस्तर बांध कर निकला जिगरी दोस्त, उठे सवाल